
बिहार की बेटियों को लेकर दिए गए आपत्तिजनक बयान पर उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू देशभर में विवादों में घिर गए हैं। साहू की कथित ‘खरीद-फरोख्त’ वाली टिप्पणी के बाद बिहार में राजनीतिक और सामाजिक आक्रोश तेज हो गया है। इस मामले में अब बिहार के विधायक आईपी गुप्ता ने तीखा रुख अपनाते हुए बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा है कि जो भी व्यक्ति गिरधारी लाल साहू को बिहार लाएगा, उसे 10 लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा।
विधायक आईपी गुप्ता ने साहू के बयान को बिहार की महिलाओं और बेटियों का घोर अपमान बताया। उन्होंने कहा कि बिहार की महिलाएं किसी भी कीमत पर समझौता करने वाली नहीं हैं और ऐसे बयान देने वालों को सार्वजनिक रूप से जवाब मिलना चाहिए। गुप्ता ने यह भी कहा कि साहू को अपने बयान पर माफी मांगनी चाहिए, अन्यथा उनके खिलाफ कानूनी और सामाजिक लड़ाई लड़ी जाएगी।
इस विवाद के बाद राज्य की राजनीति गरमा गई है। विपक्षी दलों ने भी साहू के बयान की कड़ी निंदा की है और भाजपा-जदयू पर सवाल खड़े किए हैं। कई संगठनों ने बिहार राज्य महिला आयोग से इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है। महिला आयोग ने भी स्वतः संज्ञान लेने की बात कही है, जिससे साहू की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।
उधर, सोशल मीडिया पर भी यह मुद्दा जमकर ट्रेंड कर रहा है। लोग साहू के बयान को महिला सम्मान के खिलाफ बताते हुए कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। कई जगहों पर विरोध प्रदर्शन और पुतला दहन की भी खबरें सामने आई हैं।
फिलहाल, गिरधारी लाल साहू की ओर से इस पूरे मामले पर कोई स्पष्ट सफाई सामने नहीं आई है। लेकिन बिहार के विधायक के इनाम वाले ऐलान के बाद यह विवाद और तेज हो गया है और आने वाले दिनों में इस पर राजनीतिक घमासान और बढ़ने की संभावना है।
