मुंबई के भांडुप रेलवे स्टेशन के बाहर सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। स्टेशन के बाहर खड़ी एक इलेक्ट्रिक बस ने यात्रियों को कुचल दिया, जिसमें 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 9 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने बस ड्राइवर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब बस ड्राइवर रिवर्स लेते हुए बस स्टॉप के पास खड़े यात्रियों की ओर बढ़ गया। इसी दौरान बस ने वहां इंतजार कर रहे 10 से 12 लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में कुछ लोग बस के नीचे दब गए, जिससे मौके पर ही चार लोगों की मौत हो गई।
भांडुप पुलिस स्टेशन के सीनियर पुलिस इंस्पेक्टर बालासाहेब पवार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया। उन्होंने कहा, “कुछ लोग बस के नीचे कुचले गए थे। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया है।” घटनास्थल पर फायर ब्रिगेड, एम्बुलेंस और पुलिस की कई गाड़ियां मौजूद रहीं।
हादसे में शामिल बस ओलेक्ट्रा कंपनी की इलेक्ट्रिक बस बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि हादसा तकनीकी खराबी की वजह से हुआ या ड्राइवर की लापरवाही से। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
गौरतलब है कि इससे पहले 9 दिसंबर 2024 को मुंबई के कुर्ला इलाके में भी एक बस ने कई पैदल यात्रियों और वाहनों को टक्कर मार दी थी। उस हादसे में 7 लोगों की मौत हुई थी और 42 से अधिक लोग घायल हुए थे। लगातार हो रहे बस हादसों ने मुंबई की सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है और पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
