पटना। बिहार के युवाओं के लिए बड़ी राहत की खबर है। राज्य में 1 लाख 50 हजार 561 से अधिक रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. बी. राजेंद्र ने सोमवार को आयोजित संवाददाता सम्मेलन में इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन पदों पर नियुक्ति के लिए अधियाचना संबंधित आयोगों और विभागों को भेज दी गई है तथा यह प्रक्रिया निरंतर जारी है।

डॉ. राजेंद्र ने कहा कि राज्य सरकार रोजगार सृजन को लेकर प्रतिबद्ध है और तय लक्ष्य के अनुरूप लगातार नियुक्तियां की जा रही हैं। उन्होंने जानकारी दी कि अप्रैल 2020 से 6 फरवरी 2026 तक कुल 9 लाख 84 हजार 141 लोगों को विभिन्न विभागों में रोजगार उपलब्ध कराया गया है। इनमें 7 लाख 95 हजार 832 नियमित कर्मी, 1 लाख 17 हजार 784 संविदा कर्मी तथा 70 हजार 525 बाह्य स्रोत से नियोजित कर्मचारी शामिल हैं।
इस अवसर पर उन्होंने यह भी बताया कि सामान्य प्रशासन विभाग को हाल ही में तीन वर्षों के लिए ISO प्रमाणन प्राप्त हुआ है। बिहार में यह पहली बार है जब किसी विभाग को यह मान्यता मिली है। उन्होंने कहा कि यह प्रमाणपत्र विभागीय कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, गुणवत्ता और मानकीकरण का प्रतीक है।
नागरिक सेवाओं के विस्तार पर प्रकाश डालते हुए अपर मुख्य सचिव ने बताया कि राज्य में 14 विभागों के अंतर्गत 153 प्रकार की सेवाएं नागरिकों को प्रदान की जा रही हैं। इनमें जाति, आवासीय, आय प्रमाणपत्र, दुर्घटना अनुदान, कन्या उत्थान योजना समेत अन्य सेवाएं शामिल हैं। अब तक 51 करोड़ 13 लाख से अधिक आवेदनों का निस्तारण किया जा चुका है।
उन्होंने कहा कि जुलाई 2025 से पंचायत भवनों में स्थापित लोक सेवा केंद्रों के माध्यम से 64 से अधिक सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे पंचायत स्तर पर ही समस्याओं का समाधान हो रहा है। बिहार लोक शिकायत निवारण अधिकार अधिनियम 2015 के तहत अब तक 18 लाख 57 हजार से अधिक परिवादों का निस्तारण किया गया है।
इस मौके पर विशेष सचिव संजय कुमार, संयुक्त सचिव रजनीश कुमार और विशेष कार्य पदाधिकारी अफाक अहमद सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
