राबड़ी देवी पर टिप्पणी से गरमाई सियासत, रोहिणी आचार्य ने नीतीश पर साधा तीखा निशाना
बिहार विधानसभा के बजट सत्र के दौरान सोमवार को विधान परिषद में उस वक्त सियासी माहौल गरमा गया, जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को लेकर विवादित टिप्पणी कर दी। विपक्ष के हंगामे के बीच बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “ई जो लड़की (राबड़ी देवी) हैं, वह कुछ काम की है?” इस बयान के बाद सदन में शोर-शराबा और तेज हो गया।

मुख्यमंत्री की इस टिप्पणी को लेकर राजद और लालू परिवार की ओर से कड़ी प्रतिक्रिया सामने आई है। लालू प्रसाद यादव की बेटी और राजद नेता रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए मुख्यमंत्री पर तीखा हमला बोला। उन्होंने लिखा कि “माननीय मुख्यमंत्री जी की आदत बन चुकी है संसदीय भाषाई मर्यादा लांघने की।”
रोहिणी आचार्य ने आगे कहा कि सार्वजनिक जीवन में बैठे व्यक्तियों को अपने शब्दों की गरिमा बनाए रखनी चाहिए। उन्होंने इसे महिलाओं के सम्मान से जुड़ा मुद्दा बताते हुए मुख्यमंत्री के बयान को दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया।
विपक्षी दलों ने भी मुख्यमंत्री से बयान वापस लेने और माफी मांगने की मांग की है। राजद नेताओं का कहना है कि यह टिप्पणी न केवल राबड़ी देवी का अपमान है, बल्कि महिलाओं के सम्मान के खिलाफ भी है।
हालांकि, सत्तापक्ष की ओर से इस मामले पर औपचारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि बजट सत्र के दौरान यह विवाद आने वाले दिनों में और तूल पकड़ सकता है।
फिलहाल, इस बयान को लेकर बिहार की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है और दोनों पक्ष एक-दूसरे पर तीखे हमले कर रहे हैं।
