
Bihar IAS Transfer: बिहार सरकार ने मंगलवार को बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 10 आईएएस अधिकारियों का तबादला कर दिया है। इस तबादला सूची में सबसे अधिक चर्चा 1997 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी संजीव हंस की नई तैनाती को लेकर हो रही है। सामूहिक दुष्कर्म मामले में बरी हो चुके और मनी लॉन्ड्रिंग केस में जांच का सामना कर रहे संजीव हंस को राजस्व एवं पर्षद विभाग का अपर सदस्य नियुक्त किया गया है। उनकी इस नई पोस्टिंग को लेकर प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
जारी अधिसूचना के मुताबिक, 1995 बैच की आईएएस अधिकारी विजयलक्ष्मी एन को योजना एवं विकास विभाग का अपर मुख्य सचिव बनाया गया है। वे अब तक पशुपालन विभाग में इसी पद पर कार्यरत थीं। इसके साथ ही उन्हें बिहार आपदा पुनर्वास एवं पुनर्निर्माण सोसाइटी का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। विजयलक्ष्मी वरिष्ठ आईएएस अधिकारी डॉ. एस. सिद्धार्थ की पत्नी हैं।
वहीं, 2011 बैच के आईएएस अधिकारी सेंथिल कुमार को गन्ना उद्योग विभाग का प्रधान सचिव नियुक्त किया गया है। 1997 बैच के आईएएस पंकज कुमार को ग्रामीण विकास विभाग का प्रधान सचिव बनाया गया है। इस तबादले में चार प्रमंडलों के आयुक्त भी बदले गए हैं। 2000 बैच के आईएएस प्रेम सिंह मीणा को मुंगेर प्रमंडल का आयुक्त बनाया गया है। पशुपालन विभाग के सचिव मनीष कुमार को सारण प्रमंडल का आयुक्त नियुक्त किया गया है। वहीं, गिरिवर दयाल सिंह को तिरहुत प्रमंडल और अवनीश कुमार सिंह को भागलपुर प्रमंडल की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा सरकार ने चार आईएएस अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार भी दिए हैं। संजीव हंस से जुड़े मामलों की जांच अभी जारी है, ऐसे में उन्हें नई जिम्मेदारी दिए जाने को लेकर यह तबादला सूची खासा चर्चा में बनी हुई है।
