
बिहार की सियासत में एक बार फिर एनडीए की एकजुटता को लेकर सकारात्मक संकेत सामने आए हैं। राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) के विधायक रामेश्वर महतो ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा करते हुए एनडीए की मजबूती और बिहार के सर्वांगीण विकास के संकल्प को दोहराया है। पोस्ट में उन्होंने लिखा है कि “हम सब एकजुट हैं, आज भी साथ हैं और आगे भी साथ रहेंगे। एनडीए की मजबूती और बिहार के सर्वांगीण विकास के संकल्प के साथ—हम साथ-साथ हैं।”
इस पोस्ट के साथ रामेश्वर महतो ने पार्टी के दो अन्य विधायकों—आनंद माधव और आलोक सिंह के साथ अपनी तस्वीर भी साझा की है। यह पोस्ट ऐसे समय में आई है, जब हाल के दिनों में आरएलएम के कुछ विधायकों के तेवर तल्ख नजर आ रहे थे और एनडीए के भीतर असहजता की चर्चा तेज हो गई थी। हालांकि इस ताजा संदेश ने उन अटकलों पर विराम लगाने का काम किया है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह पोस्ट एनडीए के भीतर समन्वय और एकजुटता दिखाने की कोशिश है। बिहार में विकास, सुशासन और स्थिर सरकार के मुद्दे को सामने रखकर गठबंधन को मजबूत बनाए रखने का संकेत दिया गया है। खास बात यह है कि जिन विधायकों के रुख को लेकर सवाल उठ रहे थे, अब उनके तेवरों में नरमी साफ देखी जा रही है।
सोशल मीडिया पर इस पोस्ट के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है। समर्थकों ने इसे एनडीए की मजबूती का प्रमाण बताया है, जबकि विपक्ष इसे राजनीतिक दबाव का नतीजा बता रहा है। बावजूद इसके, यह स्पष्ट है कि एनडीए नेतृत्व फिलहाल एकजुटता का संदेश देने में सफल रहा है।
आने वाले दिनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि यह एकजुटता जमीन पर कितनी मजबूत साबित होती है और बिहार के विकास को लेकर एनडीए अपने संकल्प को किस तरह आगे बढ़ाता है। फिलहाल, आरएलएम विधायकों का यह संदेश एनडीए के लिए सियासी तौर पर राहत भरा माना जा रहा है।
