
मुजफ्फरपुर जिले से भ्रष्टाचार का एक बड़ा मामला सामने आया है। विशेष निगरानी इकाई, पटना ने विद्युत विभाग के दो कर्मचारियों को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई मो. जाहिद की लिखित शिकायत के आधार पर की गई। गिरफ्तार आरोपियों में श्री गौतम कुमार, जूनियर इंजीनियर (जेई), विद्युत विभाग, निशांत एम.आर.सी. तथा मुनचुन राय, लाइनमैन, विद्युत विभाग, साहेबगंज, जिला-मुजफ्फरपुर शामिल हैं।
शिकायतकर्ता मो. जाहिद, पिता मो. जहाँगीर, ग्राम आशापट्टी परसौनी, पोस्ट करनौल, थाना साहेबगंज, जिला-मुजफ्फरपुर के निवासी हैं। उन्होंने आरोप लगाया था कि उनके विद्युत कनेक्शन और मीटर लगाने के एवज में दोनों आरोपियों द्वारा ₹12,000 की रिश्वत की मांग की जा रही थी। रिश्वत नहीं देने पर कनेक्शन और मीटर नहीं लगाने के साथ-साथ एफआईआर करने की धमकी भी दी जा रही थी।
विशेष निगरानी इकाई के अनुसार, सत्यापन के दौरान कल आरोपियों ने शिकायतकर्ता पर दबाव बनाकर ₹5,000 की राशि ले ली थी और शेष ₹5,000 अगले दिन देने को कहा था। इसके बाद आज दिनांक 07 जनवरी 2026 को विशेष निगरानी इकाई ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को ₹5,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले में विशेष निगरानी इकाई, पटना ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। गिरफ्तारी के बाद आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।
विशेष निगरानी इकाई ने बताया कि इस मामले में अग्रेतर कानूनी कार्रवाई जारी है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को कल न्यायालय (निगरानी), पटना में पेश किया जाएगा। जांच एजेंसी का कहना है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
