पटना के कंकड़बाग थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां महज 200 रुपये के मामूली विवाद में बदमाशों ने एक युवक की चाकू गोदकर हत्या कर दी। घटना मंगलवार देर रात लोहियानगर इलाके में नेक्टर अस्पताल के पास हुई। मृतक की पहचान 22 वर्षीय गौरव कुमार के रूप में हुई है, जो लखीसराय जिले के बड़हिया थाना क्षेत्र अंतर्गत रामनगर हृदनबिगहा का निवासी था। गौरव बीए पार्ट-1 का छात्र था और उसके पिता पटना में व्यापार करते हैं, जिस कारण वह अक्सर राजधानी आता-जाता रहता था।
परिजनों के अनुसार, मंगलवार की शाम MIG पार्क में गौरव ने एक युवक को सिगरेट लाने के लिए 200 रुपये दिए थे। जब युवक ने पैसे वापस नहीं किए तो दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर कई युवकों ने मिलकर गौरव के साथ मारपीट की। मारपीट के बाद घायल गौरव लोहियानगर स्थित रानी स्टील शटर नामक दुकान पर पहुंचा और अपने भाई सौरव को घटना की जानकारी दी।
इसके बाद सौरव ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी और गौरव को पास के अस्पताल में प्राथमिक इलाज के लिए ले गया। इलाज के बाद सौरव आरोपियों की तलाश में वापस पार्क गया, लेकिन वे वहां नहीं मिले। आरोप है कि कुछ देर बाद वही युवक 15 से 20 लोगों के साथ हथियारों से लैस होकर दुकान के आसपास रेकी करने लगे। इस दौरान कई बार डायल 112 पर कॉल किया गया, लेकिन पुलिस समय पर नहीं पहुंची।
कुछ ही देर में बदमाशों ने दुकान के गेट पर ही गौरव को घेर लिया और चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए परिजनों के साथ भी मारपीट की गई। गंभीर रूप से घायल गौरव को नेक्टर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।
बाइट – एएसपी सदर अभिनव कुमार:
पुलिस अधिकारी ने बताया कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

