बिहार विधानसभा को डिजिटल और पेपरलेस बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत नव निर्वाचित विधायकों और उनके निजी सहायकों के लिए विधान एप्लिकेशन ‘नेवा’ (नेशनल ई-विधान एप्लिकेशन) का प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया है। यह कार्यशाला बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार के निर्देश पर आयोजित की जा रही है, जो 22 जनवरी तक चलेगी। इसका उद्देश्य विधायकों को विधानसभा की कार्यवाही में डिजिटल माध्यमों के प्रभावी उपयोग के लिए सक्षम बनाना है।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत विधायकों को ऑनलाइन प्रश्न भेजने की प्रक्रिया, प्रश्नों के उत्तर देखने, प्रश्न की स्थिति (स्टेटस) जानने, कार्यसूची देखने सहित विधानसभा से जुड़ी तमाम डिजिटल सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। प्रशिक्षण के दौरान यह भी बताया जा रहा है कि किस प्रकार नेवा एप्लिकेशन के माध्यम से पारंपरिक कागजी प्रक्रियाओं को पूरी तरह डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लाया जा सकता है।
कार्यक्रम को व्यवस्थित रूप से संचालित करने के लिए प्रतिदिन दो पालियों में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रत्येक पाली में 25-25 विधायक और उनके निजी सहायक शामिल हो रहे हैं। इस तरह सभी नव निर्वाचित सदस्यों को चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है, ताकि वे विधानसभा की कार्यवाही के दौरान तकनीकी रूप से आत्मनिर्भर हो सकें।
नेशनल ई-विधान परियोजना के तहत सभी विधायकों को डिजिटल टैबलेट उपलब्ध कराए गए हैं। ये टैबलेट विधानसभा में उनके बैठने के स्थान पर लगाए गए हैं, जिनमें कार्यसूची, प्रश्नोत्तर, विधेयक, सूचनाएं और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज डिजिटल रूप में उपलब्ध रहेंगे। इससे न केवल कागज की खपत में कमी आएगी, बल्कि कार्यवाही अधिक पारदर्शी, तेज और प्रभावी होगी।
प्रशिक्षण कार्यशाला में टैबलेट के उपयोग की व्यावहारिक जानकारी भी दी जा रही है, ताकि विधायक सत्र के दौरान किसी भी तकनीकी असुविधा का सामना न करें। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि नेवा एप्लिकेशन का सफल क्रियान्वयन बिहार विधानसभा को पूरी तरह डिजिटल और पेपरलेस बनाने की दिशा में एक ठोस कदम है। इससे न केवल समय और संसाधनों की बचत होगी, बल्कि विधानसभा की कार्यप्रणाली भी आधुनिक और पर्यावरण के अनुकूल बनेगी।
उन्होंने विश्वास जताया कि नेवा के माध्यम से बिहार विधानसभा डिजिटल विधानसभाओं की श्रेणी में एक नई पहचान स्थापित करेगी और अन्य राज्यों के लिए भी एक उदाहरण बनेगी।

