अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गया अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सीमा शुल्क विभाग ने बड़ी सफलता हासिल की है। सीमा शुल्क अधिकारियों ने बैंकॉक से आई एक अंतरराष्ट्रीय उड़ान से पांच अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से कुल 33.35 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 11.67 करोड़ रुपये आंकी गई है। यह कार्रवाई थाईलैंड और म्यांमार से भारत में हो रही मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है।

सीमा शुल्क आयुक्तालय (निवारक), पटना के आयुक्त डॉ. मोहन कुमार मीणा ने बताया कि विभाग को थाईलैंड और म्यांमार से ड्रग तस्करी को लेकर पुख्ता खुफिया जानकारी मिली थी। इसी सूचना के आधार पर गया अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को विशेष रूप से अलर्ट किया गया था। जैसे ही थाई एयर एशिया की फ्लाइट एफडी-122 बैंकॉक से गया पहुंची, यात्रियों और उनके सामान पर कड़ी निगरानी शुरू कर दी गई।
संयुक्त आयुक्त नवनीत कुमार और सहायक आयुक्त अरुण प्रसाद के नेतृत्व में गया सीमा शुल्क की टीम ने फ्लाइट के यात्रियों के चेक-इन सामान की एक्स-रे जांच की। जांच के दौरान कुछ ट्रॉली बैग में संदिग्ध तस्वीरें सामने आईं, जिससे अधिकारियों का शक और गहरा हो गया। इसके बाद जब बैग की गहन तलाशी ली गई तो पांच यात्रियों के आठ ट्रॉली सूटकेस से गांजा बरामद हुआ।
हैरानी की बात यह रही कि तस्करों ने गांजे को खिलौनों के भीतर छिपाकर रखा था, ताकि सुरक्षा जांच से बचा जा सके। गिरफ्तार किए गए पांच तस्करों में दो महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं। सभी आरोपियों को एनडीपीएस अधिनियम, 1985 के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
सीमा शुल्क विभाग अब इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रहा है। गिरोह की कार्यविधि, तस्करी के रूट और इसके पीछे सक्रिय अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क के अन्य सदस्यों की पहचान की जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि यह एक संगठित अंतरराष्ट्रीय गिरोह का हिस्सा हो सकता है, जो कई देशों के जरिए भारत में मादक पदार्थों की सप्लाई करता है।
आयुक्त डॉ. मोहन कुमार मीणा ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय सीमा शुल्क दिवस 2026 की थीम “सतर्कता और प्रतिबद्धता के माध्यम से समाज की रक्षा” को ध्यान में रखते हुए सीमा शुल्क विभाग मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी ऐसे अपराधों के खिलाफ निगरानी और कार्रवाई और तेज की जाएगी।
