
गया में बीडीओ 50 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार, निगरानी ब्यूरो की बड़ी कार्रवाई
भ्रष्टाचार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, बिहार को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। गया जिले के नगर प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) श्री राकेश कुमार को 50,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई निगरानी थाना कांड संख्या 016/26, दिनांक 09.02.2026 के तहत की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, परिवादिनी श्रीमती सुचिता रंजनी, पति चन्द्रभूषण कुमार, निवासी गन्नु विगहा, पंचायत रसलपुर, थाना चाकन्द, जिला गया, जो वर्तमान में नगर प्रखंड, गया की प्रखंड प्रमुख हैं, ने निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि प्रखंड विकास पदाधिकारी द्वारा कराए गए कार्य के पूर्ण होने के बाद लेबर मद में 3,50,000 रुपये के भुगतान के एवज में 50,000 रुपये रिश्वत की मांग की जा रही है।
निगरानी ब्यूरो ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उसका सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर विधिवत प्राथमिकी दर्ज की गई और पुलिस उपाधीक्षक श्री सत्येन्द्र राम के नेतृत्व में एक विशेष धावादल का गठन किया गया।
पूर्व निर्धारित योजना के तहत टीम ने नगर प्रखंड कार्यालय, गया स्थित प्रखंड प्रमुख के कक्ष में जाल बिछाया। कार्रवाई के दौरान आरोपी बीडीओ राकेश कुमार को 50,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद उनसे पूछताछ की जा रही है।
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के अधिकारियों ने बताया कि आरोपी को पूछताछ के उपरांत माननीय विशेष न्यायालय, निगरानी, पटना में प्रस्तुत किया जाएगा। मामले में आगे की अनुसंधानात्मक कार्रवाई जारी है।
यह गिरफ्तारी एक बार फिर दर्शाती है कि राज्य सरकार और निगरानी ब्यूरो भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार में संलिप्त किसी भी पदाधिकारी को बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
