हेडर:
थावे दुर्गा मंदिर चोरी का खुलासा, यूपी का शातिर चोर गिरफ्तार, फिल्म देखकर सीखी थी वारदात की तरकीब
गोपालगंज से इस वक्त एक बड़ी और अहम खबर सामने आई है। आस्था के प्रमुख केंद्र थावे दुर्गा मंदिर में हुई चोरी की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने उत्तर प्रदेश के गाजीपुर निवासी शातिर चोर दीपक राय को गिरफ्तार किया है। हैरानी की बात यह है कि पकड़ा गया आरोपी एलएलबी का छात्र है और अपराध की दुनिया में उसका पुराना रिकॉर्ड रहा है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने चोरी से पहले पूरी प्लानिंग की थी। 10 दिसंबर को वह थावे पहुंचा और मंदिर परिसर व आसपास की रेकी की, ताकि पुलिस गश्ती और सीसीटीवी कैमरों की जानकारी जुटा सके। इसके बाद उसने बलिया से कटर खरीदा और 17 दिसंबर को बाइक से गाजीपुर से थावे पहुंचकर रात में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद वह सिवान के रास्ते फरार हो गया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया है कि उसने पुलिस से बचने के तरीके एक फिल्म देखकर सीखे थे। उसने मंदिर के बाहर काफी देर तक निगरानी की, ताकि किसी को शक न हो। पुलिस के मुताबिक दीपक राय कोई नया अपराधी नहीं है। उसके खिलाफ बनारस में बाइक चोरी के तीन मामले दर्ज हैं, जबकि मऊ और इलाहाबाद में भी मंदिर चोरी की घटनाओं में उसका नाम सामने आ चुका है। यह उसकी पांचवीं बड़ी वारदात बताई जा रही है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी को 8 मार्च को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था और 13 नवंबर को वह जेल से बाहर आया था। रिहाई के कुछ ही हफ्तों बाद उसने फिर से अपराध की राह पकड़ ली। फिलहाल पुलिस उससे गहन पूछताछ कर रही है और चोरी किए गए आभूषणों की बरामदगी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
एसपी अवधेश दीक्षित ने बताया कि सदर एसडीपीओ प्रांजल के नेतृत्व में गठित एसआईटी टीम यूपी में संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही मां थावे भवानी का मुकुट और हार बरामद कर लिया जाएगा। पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है, हालांकि श्रद्धालु अब भी पूर्ण बरामदगी का इंतजार कर रहे हैं।

