
मुजफ्फरपुर जिले के कांटी थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां सोशल मीडिया पर बनी दोस्ती ने एक परिवार को बिखेर कर रख दिया। गांव में रहने वाले एक नाइट गार्ड को उस समय गहरा सदमा लगा, जब उसकी दूसरी पत्नी फेसबुक पर बने दोस्त के साथ घर से फरार हो गई। फरार होने के दौरान महिला घर में रखे कीमती गहने और नकदी भी अपने साथ ले गई।
पीड़ित नाइट गार्ड ने कांटी थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि यह घटना 31 दिसंबर की रात की है। नए साल की पूर्व संध्या पर वह अपनी ड्यूटी पूरी कर देर रात घर लौटा, लेकिन घर का नजारा देख उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। घर में पत्नी और उसका बच्चा मौजूद नहीं थे। जब उसने अलमारी खोली तो उसमें रखे सोने-चांदी के गहने और नकदी भी गायब मिले।
पीड़ित के अनुसार, शादी के कुछ साल बाद से उसकी पत्नी का व्यवहार बदलने लगा था। वह दिनभर मोबाइल फोन में व्यस्त रहती थी और परिवार पर ध्यान कम देने लगी थी। इसी दौरान उसकी फेसबुक पर एक युवक से दोस्ती हुई, जो धीरे-धीरे गहरी होती चली गई। पीड़ित ने कई बार पत्नी को समझाने की कोशिश की और सोशल मीडिया से दूरी बनाने को कहा, लेकिन वह नहीं मानी। इसे लेकर दोनों के बीच कई बार विवाद भी हुआ।
नाइट गार्ड ने आशंका जताई है कि फेसबुक पर बना दोस्त ही महिला को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। उसने पुलिस से पत्नी, बच्चे और चोरी गए गहनों व नकदी की बरामदगी की मांग की है। कांटी थाना पुलिस का कहना है कि मामले की शिकायत दर्ज कर ली गई है और महिला व संदिग्ध युवक की तलाश की जा रही है। पुलिस सोशल मीडिया चैट और कॉल डिटेल्स के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।
यह घटना एक बार फिर सोशल मीडिया के गलत इस्तेमाल और उसके पारिवारिक दुष्परिणामों पर सवाल खड़े करती है।
