बीजेपी के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष और पटना के बाकीपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक नितिन नवीन अब दिल्ली के सियासी पावर सेंटर लुटियंस जोन में नए पते पर रहेंगे। कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन को लुटियंस जोन में सुनहरी रोड स्थित बंगला नंबर 9 आवंटित किया गया है। खास बात यह है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी इसी इलाके के बंगला नंबर 5 में रहते हैं, ऐसे में नितिन नवीन और राहुल गांधी अब पड़ोसी बन गए हैं। इसे लेकर राजनीतिक गलियारों में खासा चर्चा है।



14 दिसंबर को भाजपा ने नितिन नवीन को कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी थी और इसके अगले ही दिन 15 दिसंबर को वे दिल्ली रवाना हो गए थे। इसके बाद उन्होंने नीतीश कैबिनेट से इस्तीफा भी दे दिया, जिससे उनके राष्ट्रीय राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाने के संकेत और मजबूत हो गए। माना जा रहा था कि नितिन नवीन को राज्यसभा भेजा जा सकता है, लेकिन भाजपा सूत्रों के अनुसार वे बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक बने रहना चाहते हैं।
भाजपा में ऐसा कोई नियम नहीं है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष या कार्यकारी अध्यक्ष का सांसद होना अनिवार्य हो। नितिन नवीन की इच्छा है कि वे विधायक के तौर पर ही काम करें और अपने पुश्तैनी विधानसभा क्षेत्र बकीपुर का प्रतिनिधित्व लगातार करते रहें। पार्टी के भीतर भी उनके इस फैसले को जमीनी राजनीति से जुड़े रहने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।
लुटियंस जोन में आवास मिलने के साथ ही नितिन नवीन का सियासी कद और बढ़ गया है। यह इलाका देश के सबसे हाई-प्रोफाइल नेताओं और वीआईपी हस्तियों के लिए जाना जाता है। ऐसे में राहुल गांधी के पड़ोसी बनने के बाद नितिन नवीन न सिर्फ भाजपा के भीतर बल्कि राष्ट्रीय राजनीति में भी एक हाई-प्रोफाइल नेता के रूप में गिने जाएंगे। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आने वाले समय में नितिन नवीन की भूमिका भाजपा की राष्ट्रीय रणनीति में और अहम हो सकती है।
