बिहार पुलिस एवं बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस में चालक सिपाही के 4,361 पदों पर भर्ती प्रक्रिया एक और अहम चरण में पहुंच गई है। केन्द्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) द्वारा इस भर्ती के लिए जुलाई 2025 में विज्ञापन संख्या 02/2025 जारी किया गया था, जिसके तहत बड़ी संख्या में युवाओं ने आवेदन किया। पर्षद को ऑनलाइन माध्यम से कुल 1,64,168 आवेदन प्राप्त हुए थे, जो इस भर्ती के प्रति युवाओं की गहरी रुचि को दर्शाता है।

इस भर्ती प्रक्रिया के तहत लिखित परीक्षा का आयोजन 10 दिसंबर 2025 को किया गया था। परीक्षा में कुल 1,16,534 अभ्यर्थियों ने भाग लिया। इनमें से 18 अभ्यर्थियों को कदाचार के मामलों, जैसे प्रागमिकी अथवा रोल नंबर और प्रश्न-पुस्तिका में गलत अंकन के कारण मूल्यांकन योग्य नहीं पाया गया।
लिखित परीक्षा के सफल मूल्यांकन के बाद चयन प्रक्रिया के दूसरे चरण, यानी शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) के लिए आरक्षण कोटिवार अभ्यर्थियों की सूची 30 दिसंबर 2025 को प्रकाशित कर दी गई है। इस सूची में कुल 15,516 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। चयनित अभ्यर्थियों में 15,054 पुरुष, 461 महिलाएं और 1 ट्रांसजेंडर अभ्यर्थी शामिल हैं। इसके अलावा, 86 गोरखा अभ्यर्थी और 101 स्वतंत्रता सेनानी के आश्रित भी चयनित सूची में शामिल हैं।
पर्षद के अनुसार, इन सभी चयनित अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा मार्च 2026 से संभावित है। PET से संबंधित विस्तृत कार्यक्रम और तिथियों की जानकारी पर्षद की आधिकारिक वेबसाइट पर अलग से प्रकाशित की जाएगी।
केन्द्रीय चयन पर्षद ने अभ्यर्थियों को आगाह किया है कि उनसे केवल वेबसाइट पर जारी सूचनाओं के माध्यम से ही संवाद किया जाएगा। किसी भी प्रकार के फोन कॉल या व्यक्तिगत संपर्क से सावधान रहने की सलाह दी गई है। पर्षद ने दोहराया है कि पूरी भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी, स्वच्छ और कदाचारमुक्त होगी तथा चयन का एकमात्र आधार अभ्यर्थियों की मेधा और प्रदर्शन होगा।
