नव वर्ष के अवसर पर राज्य में विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ एवं शांतिपूर्ण बनाए रखने के उद्देश्य से मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने सभी जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों के साथ उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि 31 दिसंबर और 1 जनवरी के दौरान पूरे राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी सख्ती के साथ लागू रहनी चाहिए और किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।

मुख्य सचिव ने कहा कि नव वर्ष के जश्न के दौरान भीड़-भाड़ वाले स्थानों, सार्वजनिक स्थलों, बाजारों और प्रमुख चौराहों पर विशेष निगरानी रखी जाए। पुलिस गश्त को और प्रभावी बनाने, संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल की तैनाती तथा त्वरित रिस्पॉन्स टीमों को अलर्ट मोड में रखने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना, विवाद या अफवाह की स्थिति में तुरंत और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए सभी चिन्हित एवं संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्देश दिया गया। साथ ही पहले से लगे कैमरों की नियमित जांच कर उनकी कार्यशीलता सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि निगरानी व्यवस्था में कोई कमी न रह जाए।
बैठक में शीतलहर और बढ़ती ठंड को ध्यान में रखते हुए जरूरतमंदों के लिए अलाव की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया। मुख्य सचिव ने कहा कि ठंड के कारण किसी भी नागरिक को परेशानी न हो, इसके लिए स्थानीय प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहे।
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी उन्होंने गंभीरता दिखाई। सभी जिलों में अस्पतालों की तैयारियों की समीक्षा करने, आपातकालीन सेवाओं को सक्रिय रखने और आवश्यक दवाओं व चिकित्सकीय संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
मुख्य सचिव ने अंत में अधिकारियों से कहा कि नव वर्ष का स्वागत शांति, सुरक्षा और संवेदनशीलता के साथ हो, यह प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
