
नालंदा से सूर्यकांत की रिपोर्ट
मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने अपनी माताश्री स्व० परमेश्वरी देवी जी की पुण्य तिथि के अवसर पर अपने पैतृक गांव कल्याण बिगहा, हरनौत (नालंदा) स्थित कविराज रामलखन सिंह स्मृति वाटिका पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने अपने पिता कविराज स्व० रामलखन सिंह जी एवं अपनी धर्मपत्नी स्व० मंजू सिन्हा जी की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण किया।
मुख्यमंत्री के साथ उनके बड़े भाई श्री सतीश कुमार, पुत्र श्री निशांत कुमार सहित अन्य परिजनों ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में कई मंत्री, सांसद, विधायक, विधान पार्षद, वरिष्ठ अधिकारी, सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इसके उपरांत मुख्यमंत्री ने कल्याण बिगहा स्थित भगवती मंदिर में पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर ग्रामीणों में उत्साह देखा गया। उन्होंने स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अपने पैतृक गांव स्थित तालाब में मछलियों को दाना भी डाला।



