
दानापुर से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। राजधानी पटना के फुलवारीशरीफ थाना क्षेत्र में देर रात 15 वर्षीय किशोर गोलू कुमार मांझी की गला दबाकर हत्या कर दी गई। गोलू का शव शत्रु यादव के खटाल से संदिग्ध हालत में बरामद किया गया, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
मृतक गोलू कुमार मांझी पिछले करीब दो वर्षों से शत्रु यादव के खटाल पर काम करता था। हालांकि, करीब दो महीने पहले उसने काम छोड़ दिया था, लेकिन इसके बावजूद वह अक्सर उसी खटाल पर जाकर रात में सो जाया करता था। परिजनों के अनुसार, घटना वाली रात गोलू ने घर पर खाना खाया और रोज की तरह शाम करीब सात बजे खटाल पर सोने चला गया।
सुबह देर तक जब गोलू बाहर नहीं निकला तो आसपास के लोगों को शक हुआ। खटाल के अंदर जाकर देखा गया तो गोलू का शव पड़ा हुआ मिला। प्रारंभिक तौर पर उसके गले पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे गला दबाकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
गोलू की मौत से उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उसकी मां 45 वर्षीय पर्वतीया देवी, दो भाई छटू मांझी और एक शादीशुदा बहन का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों का कहना है कि गोलू का किसी से कोई झगड़ा या विवाद नहीं था और वह मेहनत मजदूरी कर परिवार की मदद करता था।
फुलवारी डीएसपी सुशील कुमार ने बताया कि प्राथमिक जांच में हत्या की पुष्टि हुई है। उन्होंने कहा कि मौके से जुटाए गए साक्ष्यों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है और पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। कुछ संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है। इलाके में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
