
पटना से बड़ी खबर है, जहां बिहार के पुलिस महानिदेशक (DGP) विनय कुमार ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि राज्य में अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई में किसी भी तरह की नरमी नहीं बरती जाएगी। जो भी अपराधी पुलिस को खुली चुनौती देंगे, उनके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। DGP ने कहा कि कई बार ऐसी परिस्थितियां बन जाती हैं, जब पुलिस को आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करनी पड़ती है और गोली चलाना मजबूरी हो जाता है।
DGP विनय कुमार ने फुलवारी शरीफ की आज की घटना का जिक्र करते हुए बताया कि पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक अपराधी घायल हुआ है। उन्होंने इसे पुलिस की सतर्कता और तत्परता का परिणाम बताया। बातचीत के दौरान DGP ने दावा किया कि बिहार में अपराध के ग्राफ में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। उन्होंने कहा कि केवल पटना की बात करें तो विभिन्न श्रेणियों के अपराधों में करीब 25 प्रतिशत तक की कमी आई है, वहीं पूरे बिहार में भी अपराध के आंकड़ों में गिरावट देखने को मिली है।
हालांकि, DGP ने ड्रग्स और साइबर अपराध को लेकर गंभीर चिंता भी जताई। उन्होंने कहा कि आज के युवा तेजी से ड्रग्स के कारोबार और साइबर अपराधों में शामिल हो रहे हैं, जो समाज और पुलिस दोनों के लिए चिंता का विषय है। इन दोनों ही मामलों में पुलिस लगातार अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई कर रही है और कई युवाओं की गिरफ्तारी भी की गई है।
नक्सल गतिविधियों पर बात करते हुए DGP ने बताया कि राज्य में नक्सल प्रभाव में भी उल्लेखनीय कमी आई है। हाल ही में मुंगेर में उनकी मौजूदगी में तीन बड़े नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है, जबकि बेगूसराय में एक नक्सली पुलिस मुठभेड़ में मारा गया है।
सीमा सुरक्षा पर जानकारी देते हुए DGP ने बताया कि इंडो-बांग्लादेश बॉर्डर पर घुसपैठ के दौरान तीन बांग्लादेशी नागरिकों और एक भारतीय को गिरफ्तार किया गया है। मौजूदा हालात को देखते हुए इंडो-बांग्लादेश और इंडो-नेपाल सीमा पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और केंद्रीय जांच एजेंसियां भी इस मामले में सक्रिय हैं।
