
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, बिहार की मुख्यालय टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नवादा जिले में तैनात एक पुलिस अवर निरीक्षक को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई आज दिनांक 02 जनवरी 2026 को निगरानी थाना कांड संख्या-02/26 के तहत की गई। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान श्री प्रमोद कुमार के रूप में हुई है, जो अकबरपुर थाना, जिला नवादा में पुलिस अवर निरीक्षक के पद पर पदस्थापित हैं।
निगरानी ब्यूरो को यह कार्रवाई परिवादी श्री विकास कुमार की शिकायत के आधार पर करनी पड़ी। परिवादी ने पटना स्थित निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी कि अकबरपुर थाना कांड संख्या-484/25 में उनके बहनोई एवं भगना को गिरफ्तार नहीं करने तथा केस डायरी में मदद करने के एवज में आरोपी पुलिस अवर निरीक्षक द्वारा 25 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की जा रही है।
शिकायत प्राप्त होने के बाद निगरानी ब्यूरो ने मामले का गोपनीय सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान यह स्पष्ट प्रमाण मिले कि आरोपी द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही थी। प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने के बाद विधिवत कांड दर्ज कर अनुसंधान की प्रक्रिया शुरू की गई।

इसके बाद पुलिस उपाधीक्षक श्री गौतम कृष्ण के नेतृत्व में एक विशेष धावादल का गठन किया गया। तय योजना के तहत धावादल ने कार्रवाई करते हुए अकबरपुर थाना, नवादा के गेट पर आरोपी को 25 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है। निगरानी ब्यूरो के अनुसार, पूछताछ के उपरांत अभियुक्त को माननीय विशेष न्यायालय, निगरानी, पटना में प्रस्तुत किया जाएगा। मामले में अग्रतर अनुसंधान की कार्रवाई जारी है।
