
पटना से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां नशे की लत ने एक पूरे परिवार को तबाह कर दिया। गर्दनीबाग थाना इलाके के दमड़िया मुहल्ले में एक नाबालिग भाई की नशे की आदत से तंग आकर बड़े भाई ने आत्महत्या कर ली। बेटे की यह हालत देखकर मां को ऐसा सदमा लगा कि उन्हें हार्ट अटैक आ गया और आखिरकार मां-बेटे दोनों की मौत हो गई।
मृतक की पहचान 14 वर्षीय वाजिद के रूप में हुई है। वाजिद के पिता होटल में कुक का काम करते हैं। परिवार में मां शहनाज और दो बेटे थे। छोटा बेटा महज 11 साल का है, लेकिन उसे नशे की लत लग चुकी थी। बताया जा रहा है कि छोटे भाई की हरकतों और उसकी बिगड़ती आदतों से वाजिद लंबे समय से परेशान था।
शुक्रवार की देर शाम छोटा भाई अचानक घर से लापता हो गया। इसके बाद पूरा परिवार उसे खोजने में जुट गया, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसी तनाव और मानसिक दबाव के बीच वाजिद ने घर में फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। जब मां शहनाज ने बेटे को फंदे से लटका देखा तो वह सदमे में आ गईं और मौके पर ही उन्हें हार्ट अटैक आ गया।
परिजन आनन-फानन में दोनों को चितकोहरा-अनीसाबाद के बीच स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें पीएमसीएच रेफर कर दिया। देर रात पीएमसीएच पहुंचने पर डॉक्टरों ने मां-बेटे दोनों को मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद दमड़िया मुहल्ले से लेकर पीएमसीएच तक कोहराम मच गया। गर्दनीबाग थाना प्रभारी प्रमोद कुमार ने बताया कि पुलिस को घटना की सीधे सूचना नहीं दी गई थी, लेकिन मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम को पीएमसीएच भेजा गया है। यह घटना नशे के खतरनाक असर और उससे टूटते परिवारों की एक दर्दनाक मिसाल बन गई है।
