बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) के अध्यक्ष श्री आनंद किशोर द्वारा आज 5 जनवरी 2026 को माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा (STET) 2025 का परीक्षाफल औपचारिक रूप से घोषित कर दिया गया। इस परिणाम को अभ्यर्थी समिति की आधिकारिक वेबसाइट bsebstet.org पर जाकर देख एवं डाउनलोड कर सकते हैं। इसके लिए अभ्यर्थियों को रिजल्ट लिंक पर User ID और पासवर्ड दर्ज करना होगा।

STET 2025 में कुल 4,42,214 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। इनमें पेपर-1 (कक्षा 9-10) में 2,46,415 अभ्यर्थी परीक्षा में बैठे, जिनमें 1,07,229 महिला और 1,39,186 पुरुष अभ्यर्थी थे। वहीं पेपर-2 (कक्षा 11-12) में 1,95,799 अभ्यर्थी शामिल हुए, जिनमें 71,178 महिलाएं और 1,24,621 पुरुष अभ्यर्थी थे।
CBT मोड में 14 अक्टूबर 2025 से 16 नवंबर 2025 तक आयोजित इस परीक्षा में कुल 2,56,301 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए हैं। इसमें 1,04,167 महिला और 1,52,134 पुरुष अभ्यर्थी शामिल हैं। कुल उत्तीर्णता प्रतिशत 57.96% रहा है।
पेपर-1 में 16 विषयों की परीक्षा आयोजित की गई थी, जिसमें 1,54,145 अभ्यर्थी सफल हुए। इसकी उत्तीर्णता प्रतिशत 62.56% रही। वहीं पेपर-2 में 29 विषयों की परीक्षा हुई, जिसमें 1,02,156 अभ्यर्थी सफल रहे और उत्तीर्णता प्रतिशत 52.17% दर्ज किया गया।
सामान्य प्रशासन विभाग के संकल्प के अनुसार STET 2025 के लिए अलग-अलग वर्गों के लिए न्यूनतम उत्तीर्णांक तय किए गए थे। परीक्षा में 150 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे गए थे, प्रत्येक प्रश्न एक अंक का था और निगेटिव मार्किंग नहीं थी।
STET 2025 का आयोजन राज्य के 9 जिलों के 23 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में किया गया था। सफल अभ्यर्थियों को समिति द्वारा उत्तीर्णता प्रमाण पत्र जारी किया जाएगा।
