नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (सीयूईटी) यूजी 2026 के लिए पंजीकरण प्रक्रिया समय से पहले शुरू कर दी है। इच्छुक और पात्र छात्र 30 जनवरी 2026 तक आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। एनटीए के अनुसार, आवेदन में किसी प्रकार की गलती सुधारने के लिए करेक्शन विंडो 2 से 4 फरवरी 2026 तक खुली रहेगी। परीक्षा का आयोजन 11 मई से 31 मई 2026 के बीच किया जाएगा।

इस वर्ष भी सीयूईटी यूजी परीक्षा कंप्यूटर आधारित टेस्ट (सीबीटी) मोड में आयोजित होगी। परीक्षा पैटर्न में कोई बदलाव नहीं किया गया है। छात्रों को कुल 37 विषयों में से केवल पांच विषयों का चयन करना होगा। इनमें 23 डोमेन विषय, 13 भाषाएं और एक जनरल एप्टीट्यूड टेस्ट शामिल है। यह व्यवस्था वर्ष 2025 से लागू की गई थी, जिसे 2026 में भी जारी रखा गया है। इससे पहले 2022 में नौ, 2023 में दस और 2024 में छह विषय चुनने का विकल्प दिया गया था।
प्रत्येक पेपर की अवधि 60 मिनट होगी और हर पेपर में 50 प्रश्न पूछे जाएंगे, जिनमें सभी प्रश्न अनिवार्य होंगे। सही उत्तर के लिए पांच अंक दिए जाएंगे, जबकि गलत उत्तर पर एक अंक की नेगेटिव मार्किंग की जाएगी। ऐसे में छात्रों को उत्तर चुनते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
विशेषज्ञों के अनुसार, छात्र 12वीं में न पढ़े गए विषयों को भी चुन सकते हैं, लेकिन इसके लिए संबंधित विश्वविद्यालय और कोर्स की पात्रता शर्तों की जांच करना बेहद जरूरी है। कई केंद्रीय और राज्य विश्वविद्यालय डोमेन विषयों को लेकर सख्त नियम लागू करते हैं। गलत विषय चयन की स्थिति में प्रवेश प्रक्रिया के दौरान छात्रों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए आवेदन से पहले पाठ्यक्रम, विश्वविद्यालय कीजी योग्यता शर्तें और विषय संयोजन को ध्यानपूर्वक समझना आवश्यक है।
