खगड़िया जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सरकारी अधिकारी को रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की मुख्यालय टीम ने शुक्रवार, 9 जनवरी 2026 को निगरानी थाना कांड संख्या 04/26 (दिनांक 8 जनवरी 2026) के तहत यह कार्रवाई की। इस दौरान स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण कार्य प्रमंडल, खगड़िया कार्यालय में पदस्थापित लेखा पदाधिकारी शिशिर राय को 18 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए उनके कार्यालय कक्ष से गिरफ्तार किया गया।

मामले की शुरुआत परिवादी संजय कुमार, निवासी रामपुर अलौली, जिला खगड़िया की शिकायत से हुई थी। परिवादी ने निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, बिहार, पटना में आवेदन देकर आरोप लगाया था कि उनके द्वारा आवंटित कार्य को पूर्ण करने के बाद भी बिल भुगतान के बदले लेखा पदाधिकारी शिशिर राय द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायत मिलने के बाद ब्यूरो ने मामले का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने के आरोप सही पाए गए।
प्रथम दृष्टया आरोपों की पुष्टि होने के बाद निगरानी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके पश्चात पुलिस उपाधीक्षक श्याम बाबू प्रसाद के नेतृत्व में एक विशेष धावादल का गठन किया गया। योजना के अनुसार जैसे ही आरोपी ने रिश्वत की राशि स्वीकार की, टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की गई और फिर उसके आवासीय परिसर की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान 3 लाख 56 हजार 50 रुपये नकद, तीन बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड और आभूषण बरामद किए गए हैं। आरोपी का आवास सहरसा जिले के सहरसा सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत कृष्णा बगर, वार्ड संख्या 37 में बताया गया है।
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के अनुसार, आरोपी को पूछताछ के बाद माननीय विशेष न्यायालय, निगरानी, भागलपुर में प्रस्तुत किया जाएगा। मामले में आगे की जांच और तलाशी की कार्रवाई जारी है।
