
राजधानी पटना से सटे मनेर इलाके में अपराधियों के बढ़ते हौसले एक बार फिर सामने आए हैं। थाने के बेहद करीब ज्वेलरी व्यवसायी को गोली मारकर लूट की वारदात ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। शुक्रवार की शाम यह सनसनीखेज घटना उस समय हुई, जब व्यवसायी अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे।
मिली जानकारी के अनुसार, रसूलपुर निवासी ज्वेलरी कारोबारी संजय कुमार सोनी, पिता विजय कुमार सोनी, रोज की तरह शाम को दुकान बंद कर बाइक से घर जा रहे थे। वे मनेर थाना क्षेत्र में महज एक किलोमीटर की दूरी ही तय कर पाए थे कि पहले से घात लगाए बाइक सवार तीन अपराधियों ने उन्हें घेर लिया। विरोध करने पर अपराधियों ने लूटपाट शुरू कर दी और इसी दौरान संजय सोनी पर लगातार गोलियां चला दीं।
गोली लगने से संजय सोनी गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। वारदात के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। घटना की सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि जिस स्थान पर यह हमला हुआ, वहां से पुलिस थाना बेहद नजदीक है, इसके बावजूद अपराधियों ने बेखौफ होकर फायरिंग की और आसानी से भाग निकले।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल व्यवसायी को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (PMCH) रेफर कर दिया। फिलहाल उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही मनेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। इस मामले में दानापुर-01 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिवम धाकड़ ने बताया कि पुलिस टीम गठित कर दी गई है और अपराधियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
इस घटना के बाद इलाके के व्यवसायियों और आम लोगों में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
