जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के वरिष्ठ नेता रहे केसी त्यागी को लेकर पार्टी के भीतर तस्वीर अब लगभग साफ मानी जा रही है। पार्टी से जुड़े सूत्रों का कहना है कि केसी त्यागी का जेडीयू में सक्रिय राजनीतिक रोल अब खत्म हो चुका है। हाल के घटनाक्रमों और पार्टी प्रवक्ताओं के बयानों से यह संकेत मिला है कि संगठन ने उनसे व्यावहारिक रूप से दूरी बना ली है।

पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन ने हाल ही में यह स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भारत रत्न देने से जुड़ा केसी त्यागी का बयान उनकी निजी सोच थी। पार्टी का इससे कोई संबंध नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि केसी त्यागी का अब जेडीयू के रोजमर्रा के मामलों से कोई जुड़ाव नहीं रह गया है। इस बयान को पार्टी के रुख के तौर पर देखा जा रहा है।
हालांकि, जेडीयू नेतृत्व फिलहाल उनके खिलाफ कोई औपचारिक अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के मूड में नहीं है। इसकी वजह यह बताई जा रही है कि त्यागी का पार्टी के साथ लंबा राजनीतिक सफर रहा है। बावजूद इसके, अंदरखाने यह माना जा रहा है कि पार्टी और त्यागी के संबंध अब सिर्फ नाम के रह गए हैं।
गौरतलब है कि केसी त्यागी ने हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर नीतीश कुमार को भारत रत्न देने की मांग की थी। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह कदम हालिया विवादों के बाद अपनी स्थिति मजबूत करने की कोशिश भी हो सकता है।
पिछले कुछ वर्षों में केसी त्यागी कई ऐसे मुद्दों पर बयान दे चुके हैं, जो पार्टी की आधिकारिक लाइन से अलग रहे। चाहे आईपीएल में बांग्लादेशी खिलाड़ी को लेकर टिप्पणी हो या फिर विदेश नीति से जुड़े संवेदनशील मुद्दे—इन बयानों से पार्टी असहज नजर आई। इन्हीं कारणों से उन्हें पहले राष्ट्रीय प्रवक्ता पद से भी हटना पड़ा था।
जेडीयू से जुड़े सूत्रों के अनुसार, पार्टी अब स्पष्ट संदेश देना चाहती है कि संगठन की लाइन से हटकर दिए गए बयानों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मौजूदा हालात में यह माना जा रहा है कि केसी त्यागी और जेडीयू के बीच राजनीतिक दूरी अब स्थायी रूप ले चुकी है।
