मुजफ्फरपुर जिले के पारू थाना क्षेत्र से अवैध हथियार कारोबार का एक बड़ा मामला सामने आया है। एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मंगुरहिया गांव में संचालित एक मिनी गन फैक्ट्री का पर्दाफाश किया गया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने हथियार बनाने के नेटवर्क से जुड़े पिता-पुत्र की भूमिका उजागर की है।


कार्रवाई में पुलिस ने मौके से उज्जवल ठाकुर उर्फ कट्टा और प्रदीप शर्मा को गिरफ्तार किया है। जांच में उज्जवल ठाकुर का संबंध सीतामढ़ी के कुख्यात विकास झा गैंग से बताया जा रहा है। वहीं, इस अवैध फैक्ट्री का मुख्य संचालक और प्रदीप का पिता रामनाथ शर्मा पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।
पुलिस के मुताबिक, रामनाथ शर्मा लंबे समय से अपने घर में हथियार बनाने का धंधा चला रहा था। उसका आपराधिक इतिहास भी रहा है और वह पहले कई मामलों में जेल जा चुका है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने देसी कट्टा, देसी पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस के अलावा हथियार निर्माण में इस्तेमाल होने वाली लेथ मशीन, ड्रिल मशीन, ग्राइंडर, बैरल पाइप और अन्य औजार बरामद किए हैं।
पारू थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि फरार रामनाथ शर्मा की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि इस कार्रवाई से इलाके में किसी बड़ी आपराधिक वारदात को समय रहते रोका गया है।
