बिहार में विकास योजनाओं की जमीनी हकीकत परखने और प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से माननीय मुख्यमंत्री की जिलावार ‘समृद्धि यात्रा’ 16 जनवरी 2026 से शुरू होने जा रही है। इस यात्रा के तहत मुख्यमंत्री राज्य के विभिन्न जिलों का भ्रमण करेंगे और विकास से जुड़े अहम कार्यक्रमों में भाग लेंगे।

मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान सबसे पहले प्रगति यात्रा और सात निश्चय से जुड़ी योजनाओं सहित जिले की अन्य महत्वपूर्ण विकास योजनाओं का स्थल निरीक्षण किया जाएगा। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि योजनाएं कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि आम जनता तक उनका वास्तविक लाभ पहुंचे। निरीक्षण के समय संबंधित विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव या सचिव की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी।
समृद्धि यात्रा के दौरान जिले की प्रमुख परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन और कार्यारंभ भी किया जाएगा। इससे न केवल अधूरी परियोजनाओं को गति मिलेगी, बल्कि नई योजनाओं की शुरुआत भी होगी। इसके अलावा मुख्यमंत्री द्वारा जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जहां आम नागरिक सीधे अपनी समस्याएं और सुझाव रख सकेंगे।
यात्रा के क्रम में जिलास्तरीय समीक्षा बैठक भी होगी, जिसमें पुलिस महानिदेशक सहित निर्धारित विषयों से जुड़े विभागों के शीर्ष अधिकारी शामिल होंगे। किसी अपरिहार्य स्थिति में संबंधित विभाग का वरीय अधिकारी बैठक में भाग लेगा। सभी जिलों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने-अपने विभागीय योजनाओं और कार्यक्रमों की पूर्व समीक्षा कर पूरी तैयारी के साथ बैठक में शामिल हों।
मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने स्पष्ट किया है कि समृद्धि यात्रा के दौरान सभी संबंधित पदाधिकारी समय से उपस्थित रहेंगे और कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित करेंगे। यह यात्रा प्रशासनिक सक्रियता, पारदर्शिता और विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।
