बिहार के बांका जिले से एक चौंकाने वाला और चर्चा में रहने वाला मामला सामने आया है, जिसने इलाके में सनसनी फैला दी है। यहां 60 साल की एक महिला को अपने से करीब 25 साल छोटे युवक से प्यार हो गया। उम्र की दीवारें तोड़ता यह रिश्ता उस वक्त सुर्खियों में आ गया, जब महिला अपने पति, परिवार और समाज की परवाह किए बिना प्रेमी के साथ घर छोड़कर फरार हो गई और दोनों ने शादी भी रचा ली।

जानकारी के मुताबिक, यह मामला अमरपुर थाना क्षेत्र का है। महिला और युवक के बीच पिछले कुछ महीनों से नजदीकियां बढ़ रही थीं। धीरे-धीरे यह दोस्ती प्यार में बदल गई। महिला का पति और बेटा जब तक कुछ समझ पाते, तब तक वह प्रेमी संग घर छोड़ चुकी थी। दोनों बाहर जाकर शादी कर लौट रहे थे।
रविवार को जब यह जोड़ा अमरपुर बस स्टैंड पर पहुंचा, तभी मामला तूल पकड़ गया। महिला के पति और बेटे को किसी तरह इसकी जानकारी मिल गई। बस स्टैंड पर दोनों ने युवक को पकड़ लिया और गुस्से में उसकी जमकर पिटाई कर दी। देखते ही देखते वहां लोगों की भीड़ जुट गई और हाई वोल्टेज ड्रामा शुरू हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। पुलिस ने युवक को भीड़ से छुड़ाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। वहीं महिला अपने फैसले पर अडिग नजर आई और प्रेमी के साथ रहने की बात कहती रही।
पुलिस का कहना है कि मामला आपसी संबंधों से जुड़ा है और दोनों बालिग हैं। यदि कोई लिखित शिकायत मिलती है, तो आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल यह अजीबो-गरीब प्रेम कहानी पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोग तरह-तरह की बातें कर रहे हैं।
