पूर्वी चम्पारण जिले के छौड़ादानो अंचल में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक राजस्व कर्मचारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार कर्मचारी का नाम सोनू कुमार है, जो छौड़ादानो अंचल कार्यालय में राजस्व कर्मचारी के पद पर कार्यरत है। निगरानी ब्यूरो की मुख्यालय टीम ने सोमवार, 12 जनवरी 2026 को यह कार्रवाई की।

जानकारी के अनुसार, निगरानी थाना कांड संख्या 05/26, दिनांक 09.01.2026 के तहत दर्ज प्राथमिकी के आधार पर यह कार्रवाई की गई। आरोपी सोनू कुमार को पूर्वी चम्पारण जिले के छौड़ादानो प्रखंड अंतर्गत भेलवा पंचायत के मुखिया मदन साह के निजी कार्यालय से 5,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया।
इस मामले में परिवादी रामबाबू प्रसाद, पिता शिवनाथ साह, निवासी धरहरी, थाना एवं पोस्ट छौड़ादानो, जिला पूर्वी चम्पारण ने निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि जमीन के परिमार्जन (संशोधन) के एवज में राजस्व कर्मचारी सोनू कुमार द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही है।
शिकायत प्राप्त होने के बाद निगरानी ब्यूरो ने पूरे मामले का सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान रिश्वत मांगे जाने के ठोस प्रमाण मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके बाद पुलिस उपाधीक्षक विंध्याचल प्रसाद के नेतृत्व में एक विशेष धावादल का गठन किया गया, जिसने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाकर आरोपी को रिश्वत लेते समय दबोच लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसे माननीय विशेष न्यायालय, निगरानी, मुजफ्फरपुर में प्रस्तुत किया जाएगा। फिलहाल मामले में आगे की अनुसंधान प्रक्रिया जारी है।
गौरतलब है कि निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, बिहार द्वारा वर्ष 2026 में भ्रष्टाचार के खिलाफ यह पांचवीं प्राथमिकी है। इनमें से चार मामले ट्रैप से जुड़े हैं, जिनमें अब तक कुल चार अभियुक्तों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया जा चुका है। इन मामलों में अब तक कुल 67,000 रुपये की रिश्वत राशि बरामद की गई है।
