राजधानी पटना में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए। दिनदहाड़े शहर के व्यस्त इलाके कदमकुआं थाना क्षेत्र अंतर्गत जगत नारायण रोड पर बाइक सवार अपराधियों ने लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। रेडिएंट कलेक्शन एजेंसी के कर्मचारी ओमप्रकाश से अपराधियों ने तीन लाख 90 हजार रुपये लूट लिए। बाइक सवार अपराधियों के पास पिस्टल नहीं था लेकिन घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
मिली जानकारी के अनुसार, ओमप्रकाश विभिन्न स्थानों से रुपये कलेक्ट करने के बाद एजेंसी के कार्यालय लौट रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बाइक सवार अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाया। अचानक हुई इस वारदात से ओमप्रकाश संभल भी नहीं पाए और अपराधी रुपयों से भरा बैग लेकर फरार हो गए। लूट की सूचना मिलते ही आसपास के दुकानदार और राहगीर मौके पर जुट गए।
घटना की जानकारी मिलते ही टाउन डीएसपी के नेतृत्व में कदमकुआं थाना पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने में जुट गई है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को कुछ अहम सुराग हाथ लगने की बात कही जा रही है।
टाउन डीएसपी ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से छानबीन कर रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की पहचान कर ली गई है। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करते हुए अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल इस घटना ने एक बार फिर पटना की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। दिनदहाड़े व्यस्त इलाके में हुई इस लूट से आम लोगों में भय का माहौल है और लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जता रहे हैं।

