मिली जानकारी के अनुसार, छात्रा पटना के शंभू हॉस्टल में रहकर मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रही थी। वह जहानाबाद जिले की रहने वाली थी। बताया गया कि छात्रा अपने हॉस्टल के कमरे में बेहोशी की हालत में मिली थी। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर हॉस्टल कर्मियों को शक हुआ, जिसके बाद दरवाजा तोड़ा गया। छात्रा को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतका के परिजनों ने घटना को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। पिता का कहना है कि छात्रा के शरीर पर कई जगह चोट के निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका गहराती है। परिजनों ने दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए चित्रगुप्त नगर थाना में आवेदन दिया है, जिसके आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है।
मृतका के मामा और चाचा ने भी सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई है। परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद हॉस्टल संचालक ने पैसे का लालच देकर मामला दबाने की कोशिश की। उन्होंने दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद देर शाम परिजन शव लेकर कारगिल चौक पहुंचे, जहां न्याय की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू हुआ। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने बैरिकेडिंग की है। गांधी मैदान, कदमकुआं, जक्कनपुर, पीरबहोर समेत पांच थानों की पुलिस मौके पर तैनात की गई है।
पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
