राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के गाजियाबाद में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने होटल के कमरे में अपनी प्रेमिका की हत्या कर दी। हैरानी की बात यह रही कि वारदात के बाद आरोपी पूरी रात शव के पास बैठा रहा और सुबह भागने की कोशिश के दौरान होटल स्टाफ के शक के घेरे में आ गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान सेवा नगर, नंदग्राम निवासी प्रवीण कुमार के रूप में हुई है, जबकि मृत महिला 35 वर्षीय आरती थी, जो कोटगांव कॉलोनी की रहने वाली थी। दोनों पिछले करीब तीन साल से एक-दूसरे के संपर्क में थे और उनके बीच प्रेम संबंध थे। दस जनवरी की रात प्रवीण, आरती को लेकर गाजियाबाद के एक होटल में पहुंचा, जहां उसने कमरा बुक कराया। कमरे में दोनों ने साथ बैठकर शराब पी, इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में प्रवीण ने आरती के साथ मारपीट शुरू कर दी। उसने आरती की पसलियों पर कई घूंसे मारे, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि आरती की कई पसलियां टूट गई थीं, साथ ही लीवर और फेफड़े को गंभीर क्षति पहुंची थी। अत्यधिक आंतरिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौत हो गई।
एसीपी नंदग्राम उपासना पांडेय के मुताबिक, हत्या के बाद प्रवीण पूरी रात कमरे में ही रुका रहा। सुबह करीब सवा सात बजे जब वह होटल छोड़ने लगा तो कर्मचारियों ने महिला के बारे में सवाल किए। आरोपी के जवाब संतोषजनक नहीं लगे, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरती को अस्पताल भिजवाया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
पुलिस ने आरती के बेटे की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

