मकर संक्रांति के मौके पर तेजप्रताप और तेजस्वी की हुई मुलाकात।तेजप्रताप ने सोशल मीडिया पर मुलाकात की चर्चा की है।तेजप्रताप ने लिखा….आज का दिन मेरे लिए अत्यंत भावनात्मक, प्रेरणादायक और स्मरणीय रहा। आज मुझे अपने पूज्य पिताजी आदरणीय श्री लालू प्रसाद यादव जी एवं माता जी आदरणीय श्रीमती राबड़ी देवी जी से राजधानी पटना स्थित 10 सर्कुलर रोड आवास पहुंचकर मुलाकात करने और उनका स्नेहपूर्ण आशीर्वाद प्राप्त करने का सौभाग्य मिला। माता-पिता का आशीर्वाद जीवन की सबसे बड़ी पूंजी होता है और आज उनके सान्निध्य में बिताया गया प्रत्येक क्षण मन को ऊर्जा और आत्मविश्वास से भर देने वाला रहा।




इस अवसर पर बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं मेरे छोटे भाई श्री तेजस्वी यादव से भी आत्मीय भेंट-मुलाकात हुई। पारिवारिक संवाद के साथ-साथ सामाजिक और राजनीतिक विषयों पर भी सकारात्मक चर्चा हुई। इसी दौरान मैंने उन्हें आगामी 14 जनवरी को मकर संक्रांति के पावन अवसर पर आयोजित होने वाले “ऐतिहासिक दही-चूड़ा भोज” कार्यक्रम का विधिवत निमंत्रण पत्र देकर ससम्मान आमंत्रित किया। मकर संक्रांति का पर्व हमारी संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक है और दही-चूड़ा भोज बिहार की आत्मा से जुड़ा एक महत्वपूर्ण आयोजन है।
आज के दिन की सबसे सुंदर और भावुक करने वाली अनुभूति तब हुई, जब मुझे अपनी प्यारी भतीजी कात्यायनी को गोद में लेकर खेलने और दुलार करने का अद्भुत अवसर प्राप्त हुआ। उसकी मासूम मुस्कान और नटखट हरकतों ने पूरे वातावरण को आनंद और उल्लास से भर दिया। ऐसे पारिवारिक क्षण जीवन की भागदौड़ में सुकून और आत्मीयता का एहसास कराते हैं।
कुल मिलाकर आज का दिन पारिवारिक प्रेम, संस्कारों, आशीर्वाद और खुशियों से परिपूर्ण रहा, जिसे मैं हमेशा अपने हृदय में संजोकर रखूंगा।
