प्रयागराज माघ मेले से इस वक्त बड़ी खबर सामने आ रही है।
सेक्टर-5 स्थित नारायण धाम शिविर में मंगलवार शाम अचानक भीषण आग लग गई।
आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरे शिविर को अपनी चपेट में ले लिया।

इस हादसे में 15 टेंट पूरी तरह जल गए, जबकि करीब 20 अस्थायी दुकानें भी आग की चपेट में आ गईं।
आग की लपटें और धुएं का गुबार करीब तीन किलोमीटर दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे मेले में अफरा-तफरी मच गई।
शिविर में उस समय 50 से अधिक कल्पवासी मौजूद थे।
आग लगते ही टेंटों के भीतर धुआं भर गया और अचानक हल्ला मच गया।
लोग जान बचाने के लिए बाहर की ओर भागने लगे।
मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों और संतों ने तत्परता दिखाते हुए बचाव कार्य शुरू किया।
सभी कल्पवासियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
राहत की बात यह रही कि अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की 5 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।
करीब 10 मिनट के भीतर एक-एक कर फायर ब्रिगेड की सभी गाड़ियां सक्रिय हो गईं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया।
एहतियातन आसपास के अन्य शिविरों को भी खाली करा लिया गया है।
प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है,
जिससे तंबुओं में अचानक आग भड़क उठी और तेजी से फैल गई।
घटना की सूचना मिलने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के करीबी माने जाने वाले सतुआ बाबा भी मौके पर पहुंचे।
उन्होंने अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी ली।
फिलहाल आग पर काबू पाने का प्रयास जारी है और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
