
पटना के चित्रगुप्तनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत शंभु गर्ल्स हॉस्टल में एक छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले ने गंभीर मोड़ ले लिया है। इस मामले में पुलिस ने हॉस्टल के बिल्डिंग मालिक मनीष कुमार रंजन को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। यह कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आए महत्वपूर्ण चिकित्सकीय निष्कर्ष के बाद की गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, 9 जनवरी 2026 को चित्रगुप्तनगर थाना को सूचना मिली थी कि शंभु गर्ल्स हॉस्टल में एक युवती बेहोशी की हालत में पाई गई है। तत्काल उसे इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के संबंध में पीड़िता के पिता के फर्दबयान के आधार पर चित्रगुप्तनगर थाना कांड संख्या 14/26 दर्ज किया गया था।
छात्रा की हालत लगातार बिगड़ती चली गई, जिसके बाद परिजनों ने उसे बेहतर इलाज के लिए मेंदाता अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान छात्रा की मौत हो गई, जिससे मामला और गंभीर हो गया। पुलिस द्वारा अग्रेतर अनुसंधान के क्रम में 14 जनवरी 2026 को मृतिका का पोस्टमार्टम प्रतिवेदन प्राप्त हुआ। इस रिपोर्ट में चिकित्सक ने स्पष्ट रूप से उल्लेख किया है कि “sexual violence cannot be ruled out”, यानी यौन हिंसा की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के इस मंतव्य को देखते हुए पुलिस ने मामले की गंभीरता को समझते हुए शंभु गर्ल्स हॉस्टल के बिल्डिंग मालिक मनीष कुमार रंजन को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी मनीष कुमार रंजन, पिता श्री उदल प्रसाद, सहजानंद गली, मुन्ना चौक, थाना चित्रगुप्तनगर, जिला पटना का निवासी है।
गिरफ्तारी अभियान में चित्रगुप्तनगर थाना के पु०अ०नि० सह थानाध्यक्ष, सशस्त्र बल और डी.आई.यू. टीम शामिल रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले में आगे भी विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
