पटना पुलिस ने व्यवसायी से असफल लूट और फायरिंग के मामले में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में पकड़ लिया है। यह घटना मनेर थाना क्षेत्र से जुड़ी है, जहां 09 जनवरी 2026 को तीन अपराधियों ने एक व्यवसायी से लूट का प्रयास किया था। लूट में असफल रहने पर अपराधियों ने फायरिंग कर दी, जिसमें व्यवसायी के हाथ में गोली लग गई थी। घायल व्यवसायी का इलाज कराया गया और मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित अनुसंधान शुरू किया।

घटना के उद्भेदन के लिए पटना पुलिस द्वारा एक विशेष टीम का गठन किया गया। तकनीकी अनुसंधान, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को अहम सुराग मिले। इसी क्रम में 15 जनवरी 2026 को इस कांड में संलिप्त एक अभियुक्त नीतीश को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ के दौरान अभियुक्त की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी के लिए पुलिस टीम उसे रतन टोला घाट लेकर गई। इसी दौरान अभियुक्त नीतीश ने मौके पर छिपाकर रखे गए हथियार को निकालकर पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अभियुक्त के पैर में गोली लग गई।
घायल अभियुक्त को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां वह पुलिस निगरानी में उपचाराधीन है। पुलिस के अनुसार अभियुक्त की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
इस पूरे मामले और आगे की कार्रवाई को लेकर नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) पटना श्री भानू प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस अपराध और अपराधियों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई कर रही है। आम नागरिकों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। मामले में अन्य फरार अभियुक्तों की तलाश जारी है।
