सड़क सुरक्षा माह के अवसर पर 1 जनवरी 2026 से 31 जनवरी 2026 तक चल रहे कार्यक्रमों की श्रृंखला में जिला सड़क सुरक्षा समिति, दरभंगा की ओर से एक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर रेड क्रॉस सोसाइटी, दरभंगा के समन्वय से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। आयोजन का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को समय पर रक्त उपलब्ध कराकर उनके जीवन की रक्षा करना था।
रक्तदान शिविर में जिला परिवहन कार्यालय, दरभंगा के सभी पदाधिकारी और कर्मचारी सक्रिय रूप से शामिल हुए। इस अवसर पर जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO) रवि कुमार आर्य, सहायक जिला परिवहन पदाधिकारी (ADTO) स्नेहा अग्रवाल, मोटरयान निरीक्षक (MVI) सतीश कुमार, सिद्धार्थ शंकर त्रिपाठी, शिवानी कुमारी सहित रेड क्रॉस सोसाइटी के अधिकारी राघवेंद्र झा भी उपस्थित रहे। सभी ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए लोगों को स्वेच्छा से रक्तदान करने के लिए प्रेरित किया।
अधिकारियों ने कहा कि रक्तदान एक महान मानवीय सेवा है, जिससे किसी जरूरतमंद को नया जीवन मिल सकता है। सड़क दुर्घटनाओं के मामलों में अत्यधिक रक्तस्राव के कारण कई बार पीड़ितों की जान खतरे में पड़ जाती है। ऐसे समय में ब्लड बैंक में उपलब्ध रक्त उनकी जान बचाने में अहम भूमिका निभाता है। समय पर सही रक्त समूह मिलने से गंभीर रूप से घायल मरीजों का इलाज संभव हो पाता है और मृत्यु दर में कमी आती है।
कार्यक्रम के दौरान यह भी बताया गया कि एक यूनिट रक्त से तीन लोगों की जान बचाई जा सकती है। नियमित रक्तदान से न केवल समाज को लाभ होता है, बल्कि रक्तदाता के स्वास्थ्य पर भी इसका सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। जिला सड़क सुरक्षा समिति और रेड क्रॉस सोसाइटी ने आम नागरिकों से अपील की कि वे सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें और समय-समय पर रक्तदान कर मानवता के इस पुनीत कार्य में अपना योगदान दें।





