बिहार सरकार द्वारा अपराध नियंत्रण को लेकर किए जा रहे दावों के बीच राजधानी पटना में आपराधिक घटनाएं लगातार चिंता बढ़ा रही हैं। चित्रगुप्त नगर थाना क्षेत्र में नीट की तैयारी कर रही छात्रा के साथ कथित दुष्कर्म और हत्या का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि शनिवार को पटना के वीआईपी इलाके से एक और सनसनीखेज वारदात सामने आ गई। शास्त्री नगर थाना क्षेत्र के एजी कॉलोनी में एक रिटायर्ड महिला शिक्षिका की उनके ही घर में नृशंस हत्या कर दी गई।
मृतका की पहचान 78 वर्षीय माधवी कुमारी के रूप में हुई है। वह एजी कॉलोनी स्थित अपने फ्लैट में अकेली रहती थीं। उनके दो बेटे हैं, जो फिलहाल बिहार से बाहर रहते हैं। उसी अपार्टमेंट के अन्य फ्लैटों में किराएदार रहते हैं। शनिवार सुबह जब पड़ोसियों को उनके घर से कोई हलचल नहीं दिखी, तो शक होने पर दरवाजा खुलवाया गया। अंदर का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए। महिला का शव घर के भीतर पड़ा था और गले पर गहरे जख्म के निशान थे।
घटना की सूचना मिलते ही शास्त्री नगर थाने की पुलिस के साथ सचिवालय अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) साकेत कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। प्रारंभिक जांच में गला रेतकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
एसडीपीओ साकेत कुमार ने बताया कि मामले में किराएदारों समेत कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया यह घटना लूटपाट के दौरान हत्या की हो सकती है, लेकिन किसी निष्कर्ष पर पहुंचना अभी जल्दबाजी होगी। सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
इस घटना के बाद इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है, वहीं राजधानी की कानून-व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

