पटना में गर्ल्स हॉस्टल से जुड़ी घटनाओं ने एक बार फिर शहर की सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक दावों पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। शंभू गर्ल्स हॉस्टल की घटना की आग अभी ठंडी भी नहीं हुई थी कि अब परफेक्ट गर्ल्स पीजी हॉस्टल से 15 वर्षीय NEET अभ्यर्थी अनामिका गुप्ता की संदिग्ध मौत का मामला सामने आ गया है। हॉस्टल प्रबंधन इसे आत्महत्या बता रहा है, लेकिन परिवार ने इस थ्योरी को सिरे से खारिज करते हुए सोची-समझी साजिश के तहत हत्या का आरोप लगाया है।
औरंगाबाद की रहने वाली अनामिका के पिता धर्मेंद्र कुमार का कहना है कि उनकी बेटी बेहद मजबूत इरादों वाली थी और डॉक्टर बनने का सपना देख रही थी। घटना वाले दिन सुबह करीब 9:30 बजे उनकी अनामिका से फोन पर बात हुई थी। वह खुश थी, सामान्य बातचीत कर रही थी और नाश्ते में अंडे बनाने की बात कह रही थी। पिता का दावा है कि उस बातचीत में तनाव या डर जैसी कोई बात नहीं थी। इसके कुछ ही घंटों बाद दोपहर करीब 1 बजे हॉस्टल मालिक ने फोन कर बताया कि उनकी बेटी ने आत्महत्या कर ली है।
परिवार का आरोप है कि जब वे पटना पहुंचे, उससे पहले ही सबूत मिटाने की कोशिश की गई। पिता का कहना है कि शव को फंदे से उतारकर जल्दबाजी में अस्पताल भेज दिया गया, ताकि सच्चाई सामने न आ सके। अस्पताल में भी शव देखने में उन्हें काफी देर तक इंतजार कराया गया, जिससे संदेह और गहरा हो गया।
सबसे बड़ा सवाल हॉस्टल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उठ रहा है। परिजनों के अनुसार, हॉस्टल के नियम इतने सख्त थे कि माता-पिता को भी छात्राओं के कमरों में जाने की अनुमति नहीं थी। उन्हें ऑफिस में बैठाया जाता था और बेटी को वहीं बुलाया जाता था। ऐसे में घटना वाले दिन दो बाहरी लड़कों का हॉस्टल के अंदर आना और छात्रा के कमरे तक पहुंचना कैसे संभव हुआ?
परिवार का दावा है कि CCTV फुटेज में दो युवक अनामिका के कमरे में मौजूद दिख रहे हैं और शव को नीचे उतारते हुए भी नजर आते हैं। पिता ने यह भी आरोप लगाया है कि मामले में लव जिहाद की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता और पुलिस पूरे सच को सामने लाने के बजाय मामले को दबाने की कोशिश कर रही है।
फिलहाल यह मामला आत्महत्या या हत्या, दोनों के बीच उलझा हुआ है। लेकिन एक बात साफ है—पटना के गर्ल्स हॉस्टलों में छात्राओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो चुके हैं। अब देखना यह है कि जांच एजेंसियां सच्चाई तक पहुंचती हैं या यह मामला भी फाइलों में दफन होकर रह जाएगा।

