पटना जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस प्रशासन ने एक बड़ी और सख्त कार्रवाई की है। वरीय पुलिस अधीक्षक, पटना के अनुरोध पर पुलिस महानिरीक्षक, केन्द्रीय क्षेत्र, पटना द्वारा जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से जुड़े दस कुख्यात अपराध कर्मियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। इन अपराधियों की लंबे समय से पुलिस को तलाश थी और इन पर गंभीर आपराधिक मामलों में संलिप्त रहने के आरोप हैं।

इनाम घोषित किए गए अपराधियों में मोकामा थाना कांड संख्या 90/16 से जुड़े राजेश कुमार उर्फ राजेश सिंह, खिड़ीमोड़ थाना कांड संख्या 99/25 के सुजीत कुमार उर्फ सुजीत मंडल, बाढ़ थाना कांड संख्या 08/26 के अरविंद महतो उर्फ भगत जी शामिल हैं। इसके अलावा खुशरूपुर थाना क्षेत्र के कुख्यात अपराधी संजय कुमार उर्फ संतोष कुमार उर्फ संतोष डॉन (कांड संख्या 384/25) तथा रविंद्र गोप (कांड संख्या 309/18) भी सूची में हैं।
फतुहाँ थाना कांड संख्या 535/23 के सुजीत कुमार उर्फ बुखार, सालिमपुर थाना कांड संख्या 250/25 के अविनाश कुमार, बख्तियारपुर थाना कांड संख्या 339/25 के बिरू राय, परसा बाजार थाना कांड संख्या 356/25 के राजा नट और हवाई अड्डा थाना कांड संख्या 215/15 के सहबाज आलम उर्फ परवेज पर भी इनाम घोषित किया गया है।
पुलिस के अनुसार, इन सभी अपराधियों का उपरोक्त मामलों के अतिरिक्त भी लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। हत्या, लूट, रंगदारी, अवैध हथियार और संगठित अपराध से जुड़े कई मामलों में ये आरोपी वांछित हैं। पुलिस का मानना है कि इन अपराधियों की गिरफ्तारी से जिले में अपराध की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण संभव होगा।
पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि इन अपराधियों के संबंध में कोई भी सूचना मिले तो तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
