पटना पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। वरीय पुलिस अधीक्षक, पटना के निर्देशन और पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी), पटना की सतत निगरानी में साइबर अपराधियों पर शिकंजा कसते हुए पटना साइबर थाना ने दो अलग–अलग मामलों में कुल पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई आज दिनांक 20 जनवरी 2026 को त्वरित और प्रभावी ढंग से की गई।

पहला मामला पटना साइबर थाना कांड संख्या 1842/24 से जुड़ा है, जिसमें STF बिहार के सहयोग से चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार सभी आरोपी एक संगठित गिरोह के सदस्य हैं। यह गिरोह एटीएम केंद्रों पर भोले–भाले लोगों को भ्रमित कर उनका एटीएम कार्ड बदल लेता था और फिर बदले गए कार्ड से अवैध तरीके से रुपये की निकासी करता था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, इन अभियुक्तों के खिलाफ बिहार समेत देश के कई अन्य राज्यों में भी साइबर और वित्तीय अपराधों के कई मामले दर्ज हैं।
वहीं दूसरी कार्रवाई आसूचना संकलन के आधार पर पटना साइबर थाना कांड संख्या 2143/25 में की गई। इस मामले में साइबर ठगी और फर्जी वेबसाइट के माध्यम से लोगों को ठगने वाले एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए फर्जी वेबसाइट बनाकर लोगों से धोखाधड़ी करता था।
इस संबंध में जानकारी देते हुए श्री नीतीश चंद्र धारिया, पुलिस उपाधीक्षक सह थानाध्यक्ष, साइबर थाना पटना ने बताया कि साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस पूरी तरह सतर्क है और ऐसे गिरोहों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे एटीएम, ऑनलाइन लेन–देन और वेबसाइट्स का उपयोग करते समय सतर्क रहें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
फिलहाल सभी गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ जारी है और अग्रतर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
