चित्रकूट जिले के बरगढ़ बाजार क्षेत्र में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कारोबारी के 13 वर्षीय बेटे के अपहरण के बाद निर्मम हत्या कर दी गई। हालांकि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज 24 घंटे के भीतर इस जघन्य अपराध में शामिल एक आरोपी को एनकाउंटर में मार गिराया, जबकि उसका एक साथी घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया।
बरगढ़ बाजार निवासी कारोबारी अशोक केसरवानी गुरुवार सुबह अपने परिवार के साथ घर पर थे। उनका 13 वर्षीय बेटा आयुष घर के बाहर खेल रहा था। कुछ देर बाद जब आयुष दिखाई नहीं दिया तो परिजनों ने आसपास खोजबीन शुरू की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। इसी दौरान अशोक के मोबाइल पर वॉट्सऐप कॉल आया, जिसमें कॉल करने वालों ने बताया कि आयुष उनके कब्जे में है। बदमाशों ने बच्चे को छोड़ने के बदले फिरौती की मांग की। घबराए पिता ने बातचीत के बाद तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और बच्चे की तलाश शुरू की गई। पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन शाम तक कोई सुराग हाथ नहीं लगा। देर रात राहगीरों ने सड़क किनारे एक संदिग्ध बंद बक्सा पड़ा देखा। शक होने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब बक्से का ताला तोड़ा तो अंदर आयुष का शव मिला। यह दृश्य देखकर हर कोई स्तब्ध रह गया। बच्चे की हत्या की खबर से इलाके में शोक के साथ-साथ भारी आक्रोश फैल गया।
शव बरामद होने के बाद पुलिस ने वॉट्सऐप कॉल और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच तेज की। सर्विलांस की मदद से कॉल करने वाले नंबर की लोकेशन ट्रेस की गई। शुक्रवार सुबह पुलिस ने संदिग्धों को घेर लिया। खुद को फंसा देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की। मुठभेड़ में कल्लू नामक आरोपी को गोली लगी और अस्पताल ले जाने पर उसकी मौत हो गई, जबकि उसका साथी पैर में गोली लगने से घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी कारोबारी के पड़ोस में ही रहते थे और फिरौती न मिलने पर उन्होंने बच्चे की हत्या कर शव को बक्से में भरकर फेंक दिया। फिलहाल घायल आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाएगा।

