पटना जंक्शन पर यात्रियों और आम लोगों को जल्द ही एयरपोर्ट जैसी सुविधाओं का अनुभव मिलने वाला है। रेलवे की ओर से महावीर मंदिर की तरफ स्थित पार्किंग को प्रीमियम पार्किंग के रूप में विकसित किया गया है, जिसकी शुरुआत 27 जनवरी से होगी। इस नई व्यवस्था का मकसद पार्किंग को व्यवस्थित करना और स्टेशन परिसर में ट्रैफिक की समस्या को कम करना है।
जानकारी के अनुसार, इस प्रीमियम पार्किंग सिस्टम में एंट्री और एग्जिट प्वाइंट पर इलेक्ट्रॉनिक पर्ची जारी की जाएगी। गाड़ी के अंदर और बाहर जाने का पूरा रिकॉर्ड रियल टाइम में दर्ज होगा। इसी इलेक्ट्रॉनिक पर्ची के आधार पर पार्किंग शुल्क लिया जाएगा। खास बात यह है कि ‘पिक एंड ड्रॉप’ सुविधा के तहत 8 मिनट तक किसी भी तरह का चार्ज नहीं देना होगा। पार्किंग शुल्क में जीएसटी भी शामिल रहेगा।
ट्रैफिक को नियंत्रित रखने के लिए पार्किंग क्षेत्र में इलेक्ट्रॉनिक बूम बैरियर लगाए गए हैं, जिससे गाड़ियों की आवाजाही सुचारू रूप से हो सके। दानापुर मंडल के सीनियर डीसीएम अभिनव सिद्धार्थ ने बताया कि यात्रियों को बेहतर और आधुनिक सुविधाएं देने के लिए यह पहल की गई है। अब पटना जंक्शन पर भी एयरपोर्ट की तरह प्रीमियम पार्किंग की सुविधा उपलब्ध होगी।
फोर व्हीलर वाहनों के लिए 8 मिनट तक पार्किंग पूरी तरह मुफ्त रहेगी। इसके बाद 2 घंटे के लिए 80 रुपये, 6 घंटे के लिए 200 रुपये, 12 घंटे के लिए 350 रुपये और 24 घंटे के लिए 400 रुपये चार्ज तय किया गया है। यदि वाहन 24 घंटे से अधिक समय तक खड़ा रहता है तो प्रतिदिन 500 रुपये का शुल्क लिया जाएगा।
टू व्हीलर के लिए भी 8 मिनट तक कोई चार्ज नहीं लगेगा। इसके बाद 2 घंटे के लिए 20 रुपये, 6 घंटे के लिए 25 रुपये, 12 घंटे के लिए 30 रुपये, 24 घंटे के लिए 40 रुपये और 24 घंटे से अधिक के लिए 50 रुपये प्रतिदिन का शुल्क तय किया गया है। टू व्हीलर के लिए मासिक पार्किंग शुल्क 1000 रुपये रखा गया है।
इसके अलावा पार्किंग में हेलमेट रखने की भी विशेष व्यवस्था की गई है, जिसके लिए 24 घंटे का चार्ज मात्र 10 रुपये होगा। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इस नई व्यवस्था से यात्रियों को सुविधा मिलेगी और स्टेशन परिसर में अव्यवस्था व जाम की समस्या से राहत मिलेगी। कुल मिलाकर, 27 जनवरी से पटना जंक्शन पर शुरू होने वाली यह प्रीमियम पार्किंग सुविधा यात्रियों के लिए एक बड़ी राहत साबित होगी।

