राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने बड़ा संगठनात्मक फैसला लेते हुए तेजस्वी यादव को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह निर्णय पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में लिया गया। नियुक्ति के बाद तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर भावुक संदेश साझा करते हुए इसे अपने जीवन की “अग्निपरीक्षा” बताया।

तेजस्वी यादव ने लिखा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के सानिध्य और निर्देशानुसार उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई है, जिसके लिए वे पार्टी कार्यकर्ताओं और “जनता मालिक” के प्रति ऋणी हैं। उन्होंने कहा कि राजद की स्थापना जिन उद्देश्यों—गरीबों, दलितों, पिछड़ों, शोषितों और वंचितों को न्याय व अधिकार दिलाने—के लिए की गई थी, उन्हें पूरा करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।
उन्होंने लोहिया, कर्पूरी ठाकुर, जयप्रकाश नारायण, डॉ. भीमराव अंबेडकर, ज्योतिबा फुले, महात्मा गांधी, भगत सिंह और सरदार पटेल के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि गैरबराबरी, अशिक्षा, बेरोजगारी और गरीबी के खिलाफ वे मरते दम तक लड़ते रहेंगे। तेजस्वी ने बिहार को उन्नति, प्रगति, समरसता और भाईचारे के रास्ते पर ले जाने का संकल्प दोहराया।
अपने संदेश में उन्होंने कहा कि मौजूदा समय तानाशाही और अन्याय के खिलाफ संघर्ष का है, लेकिन अंततः सत्य की ही जीत होगी। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर सांप्रदायिक और अन्यायपूर्ण ताकतों के खिलाफ संघर्ष तेज करने का आह्वान किया।
