बिहार के खेल जगत के लिए एक ऐतिहासिक और दूरगामी महत्व की पहल को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई गति मिली है। वर्ल्ड स्विमिंग फेडरेशन (वर्ल्ड एक्वेटिक्स फेडरेशन) के सहयोग से बिहार में विश्वस्तरीय तैराक तैयार करने की दिशा में ठोस कदम बढ़ाए जा रहे हैं। इस कड़ी में माननीय खेल मंत्री सुश्री श्रेयसी सिंह के नेतृत्व में बिहार राज्य खेल प्राधिकरण और खेल विभाग के प्रतिनिधिमंडल ने ताशकंद में ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया (OCA) के महानिदेशक कैप्टन हुसैन से महत्वपूर्ण बैठक की।




उल्लेखनीय है कि कैप्टन हुसैन OCA के महानिदेशक होने के साथ-साथ वर्ल्ड एक्वेटिक्स फेडरेशन के अध्यक्ष भी हैं। यह उच्चस्तरीय बैठक OCA की वार्षिक महासभा (AGM) के अवसर पर आयोजित हुई, जिसमें बिहार में स्विमिंग और एक्वेटिक खेलों के समग्र विकास को लेकर गहन चर्चा हुई। इस बैठक में बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक श्री रविन्द्रण खेल शंकरण और खेल विभाग के सचिव श्री महेन्द्र कुमार भी मौजूद रहे।
बिहार देश का पहला और एकमात्र राज्य बन गया है जिसने ताशकंद में अपने आधिकारिक प्रतिनिधि भेजकर OCA और वर्ल्ड फेडरेशन के शीर्ष अधिकारियों के साथ प्रत्यक्ष संवाद किया। इससे राज्य सरकार की खेल विकास के प्रति गंभीरता और प्रतिबद्धता स्पष्ट रूप से सामने आई है।
इस महत्वपूर्ण बैठक को सफल बनाने में इंटरनेशनल हॉकी फेडरेशन के अध्यक्ष श्री तैयब इकराम की अहम भूमिका रही, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय खेल नेतृत्व और बिहार प्रतिनिधिमंडल के बीच संवाद को सुगम बनाया। बैठक के सकारात्मक परिणामस्वरूप OCA ने बिहार के तीनों प्रतिनिधियों को आगामी OCA AGM में भाग लेने की आधिकारिक मान्यता प्रदान की।
बैठक में बिहार में स्विमिंग इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने, एथलीट डेवलपमेंट मॉडल, ग्रासरूट लेवल पर स्विमिंग स्कूल खोलने और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के आयोजन पर विस्तृत चर्चा हुई। इन चर्चाओं के बाद बिहार सरकार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, भारतीय स्विमिंग फेडरेशन और वर्ल्ड एक्वेटिक्स फेडरेशन के बीच सहयोग को लेकर सैद्धांतिक सहमति बनी है, जिसे जल्द ही लिखित मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग (MoU) का रूप दिया जाएगा।
वर्ल्ड एक्वेटिक्स फेडरेशन के अध्यक्ष ने शिक्षा और खेल को साथ लेकर चलने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने सुझाव दिया कि प्रस्तावित स्विमिंग डेवलपमेंट एकेडमी में हॉस्टल, शिक्षा और प्रशिक्षण की समन्वित व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि खिलाड़ियों का सर्वांगीण विकास हो सके।
इस दौरान वर्ल्ड वेटलिफ्टिंग फेडरेशन के अध्यक्ष मोहम्मद जलूद, एशियन वेटलिफ्टिंग फेडरेशन के अध्यक्ष मोहम्मद यूसुफ और भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पी. टी. उषा के साथ भी सकारात्मक और विस्तृत चर्चा हुई।
इसके साथ ही बिहार की नेशनल चैंपियन माही श्वेत राज को बेहतर प्रशिक्षण के लिए वर्ल्ड स्विमिंग फेडरेशन के सहयोग से विदेश भेजे जाने का निर्णय लिया गया है। यह पहल बिहार की युवा प्रतिभाओं को वैश्विक मंच पर स्थापित करने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।
