

पटना में अवैध बालू कारोबार से जुड़े ट्रकों का आतंक एक बार फिर सामने आया है। ताजा मामला बिहटा थाना क्षेत्र के डोमनिया रेलवे ओवरब्रिज के पास का है, जहां बालू लदे एक ट्रक ने दानापुर DSP-2 अमरेंद्र कुमार झा को कुचलने की कोशिश की। यह घटना उस समय हुई जब DSP-2 अपनी सरकारी गाड़ी से आईआईटी थाना की ओर जा रहे थे। इस सनसनीखेज घटना से इलाके में हड़कंप मच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डोमनिया रेलवे ओवरब्रिज के पास अचानक एक तेज रफ्तार बालू लदा ट्रक अनियंत्रित होकर DSP की सरकारी गाड़ी की ओर बढ़ गया। देखते ही देखते ट्रक ड्राइवर ने लापरवाही और जानबूझकर गाड़ी को कुचलने की कोशिश की। ट्रक DSP की गाड़ी पर चढ़ गया, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि, गनीमत यह रही कि DSP अमरेंद्र कुमार झा और उनके साथ मौजूद अंगरक्षक किसी तरह सुरक्षित बाहर निकल आए और बाल-बाल बच गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तुरंत ट्रक को कब्जे में ले लिया, जबकि चालक मौके से फरार होने की कोशिश कर रहा था। पुलिस ने पीछा कर उसे हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि ट्रक अवैध रूप से बालू लेकर जा रहा था और पुलिस की सख्ती से बचने के लिए चालक ने यह खतरनाक कदम उठाया।
इस घटना ने एक बार फिर पटना और आसपास के इलाकों में सक्रिय बालू माफिया और उनके नेटवर्क पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आम नागरिकों के साथ-साथ अब पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी इनके निशाने पर हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में बालू लदे ट्रकों की तेज रफ्तार और मनमानी लंबे समय से हादसों का कारण बन रही है, लेकिन ठोस कार्रवाई के अभाव में माफियाओं के हौसले बुलंद हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया जा रहा है। ट्रक के कागजात, बालू के स्रोत और इससे जुड़े नेटवर्क की भी जांच की जाएगी। वहीं, प्रशासन ने अवैध बालू परिवहन के खिलाफ अभियान और तेज करने की बात कही है।
इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। जिस तरह एक वरीय पुलिस अधिकारी की गाड़ी पर ट्रक चढ़ाने की कोशिश की गई, उसने कानून-व्यवस्था की चुनौती को उजागर कर दिया है। पुलिस का दावा है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और अवैध बालू कारोबार पर नकेल कसने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।
