बिहार में अगले 24 घंटे के भीतर मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने राज्य के 15 जिलों में आंधी-पानी को लेकर अलर्ट जारी किया है। पूर्वी और पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सीतामढ़ी, सिवान, सारण, मुजफ्फरपुर, शिवहर, दरभंगा, मधुबनी, अररिया, किशनगंज, समस्तीपुर और बक्सर में तेज हवा के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। इन जिलों में हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
मौसम विज्ञानियों के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय मौसमी सिस्टम के असर से राज्य के उत्तरी और पश्चिमी हिस्सों में मौसम पहले बदलेगा। कई जगहों पर गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं। हालांकि, राजधानी पटना सहित राज्य के अन्य हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है, जबकि कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है।
मौसम में इस बदलाव का असर तापमान पर भी साफ दिखेगा। अगले 24 घंटे बाद राज्य के अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। इसके चलते सुबह और शाम के समय ठंड में इजाफा होगा। खासकर ग्रामीण इलाकों और खुले क्षेत्रों में ठिठुरन बढ़ने की संभावना है।
बीते 24 घंटों के तापमान पर नजर डालें तो समस्तीपुर राज्य में सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अन्य जिलों में भी न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है, जिससे लोगों को ठंड का एहसास हो रहा है।
मौसम विभाग ने किसानों, यात्रियों और आम लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। आंधी और तेज हवा के दौरान खुले स्थानों में जाने से बचने, कच्चे मकानों और पेड़ों के नीचे शरण न लेने की अपील की गई है। साथ ही, बदलते मौसम को देखते हुए स्वास्थ्य का ध्यान रखने और गर्म कपड़ों का इस्तेमाल करने की भी सलाह दी गई है।

