बिहार सरकार राज्य की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार ठोस कदम उठा रही है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना एक मील का पत्थर साबित हो रही है। इस योजना का मूल उद्देश्य राज्य की महिलाओं को स्वरोजगार के लिए आर्थिक सहायता प्रदान करना है, ताकि प्रत्येक परिवार की एक महिला उद्यमी के रूप में स्थापित हो सके और वह अपने परिवार की आय बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभा सके।
योजना के प्रथम चरण में सरकार द्वारा प्रत्येक परिवार की एक महिला को 10 हजार रुपये की प्रारंभिक सहायता राशि प्रदान की गई। यह राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से सीधे लाभुकों के बैंक खाते में भेजी गई, जिससे पारदर्शिता बनी रहे। अब तक 1 करोड़ 56 लाख से अधिक लाभार्थी महिलाओं के खातों में यह राशि अंतरित की जा चुकी है। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में जो आवेदक किसी कारणवश पहले चरण में शामिल नहीं हो पाए थे, उन्हें भी नियमानुसार शीघ्र डीबीटी के माध्यम से राशि भेजने की प्रक्रिया जारी है।
मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें महिलाओं को केवल प्रारंभिक सहायता तक सीमित नहीं रखा गया है। योजना के अंतर्गत महिलाओं द्वारा रोजगार शुरू करने के छह माह बाद उनके कार्य का आकलन किया जाएगा। यदि यह पाया जाता है कि महिला ने दी गई राशि का सही उपयोग कर स्वरोजगार को आगे बढ़ाया है, तो उन्हें आवश्यकतानुसार दो लाख रुपये तक की अतिरिक्त वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। यह सहायता चरणों में दी जाएगी, ताकि रोजगार की निरंतरता और सफलता सुनिश्चित की जा सके। जहां रोजगार अच्छी तरह चल रहा होगा, वहां एकमुश्त राशि देने का भी प्रावधान रखा गया है।
सरकार ने संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि योजना के अंतर्गत लाभुक महिलाओं द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की मार्केटिंग की भी समुचित व्यवस्था की जाए। इसके साथ ही इन महिला उद्यमियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं और कार्यों से जोड़ा जाएगा, जैसे पोशाक निर्माण, सुधा बिक्री केंद्र, दीदी की रसोई, स्कूलों और सरकारी संस्थानों में आपूर्ति आदि। इससे महिलाओं को स्थायी बाजार मिलेगा और उनका व्यवसाय लंबे समय तक चल सकेगा।
इस योजना के प्रभाव से न केवल महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी, बल्कि राज्य में रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। इससे लोगों को रोजगार की तलाश में बिहार से बाहर जाने की मजबूरी भी कम होगी। मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना वास्तव में महिलाओं के आत्मसम्मान, आत्मनिर्भरता और राज्य के समग्र विकास की दिशा में एक निर्णायक कदम है, जो आने वाले समय में बिहार की सामाजिक-आर्थिक तस्वीर को बदलने की क्षमता रखता है।

