मुजफ्फरपुर जिले के काजीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-22 पर धोवघट्टी के पास शुक्रवार को एक सड़क हादसा हुआ, जिसमें मधुबनी जिले के राजनगर सुरक्षित विधानसभा सीट से विधायक सुजीत कुमार पासवान की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में विधायक समेत वाहन में सवार पांच लोग बाल-बाल बच गए, जबकि गाड़ी चालक को हल्की चोटें आई हैं। घटना के बाद कुछ देर के लिए मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया।

मिली जानकारी के अनुसार विधायक सुजीत कुमार पासवान अपने दो अंगरक्षकों और एक सहयोगी के साथ मधुबनी से पटना की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनका वाहन काजीपुर थाना क्षेत्र में धोवघट्टी के पास पहुंचा, आगे चल रही एक पिकअप वैन ने अचानक ब्रेक लगा दिया। अचानक ब्रेक लगने के कारण पीछे से आ रही विधायक की कार पिकअप वाहन से टकरा गई, जिससे कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
दुर्घटना के तुरंत बाद पिकअप वैन का चालक मौके से वाहन लेकर फरार हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से स्थिति को संभाला गया और घायलों की जानकारी ली गई। राहत की बात यह रही कि विधायक सुजीत कुमार पासवान को किसी प्रकार की चोट नहीं आई और वे पूरी तरह सुरक्षित हैं। हालांकि वाहन चला रहे चालक को हल्की चोटें लगी हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया।
घटना के संबंध में विधायक के बॉडीगार्ड निरंजन कुमार ने बताया कि वे सभी मधुबनी से पटना जा रहे थे। इसी दौरान एनएच-22 पर धोवघट्टी के पास आगे चल रही पिकअप वैन ने अचानक ब्रेक लिया, जिससे यह दुर्घटना हुई। उन्होंने स्पष्ट किया कि विधायक पूरी तरह सुरक्षित हैं और हादसे के बाद वे पटना के लिए रवाना हो गए।
पुलिस ने घटना की जानकारी लेकर पिकअप चालक की तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।
